Festival Special Train : त्योहारों पर रेलवे का तोहफा, लखनऊ होकर चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
लुधियाना, गया, सहारनपुर और वाराणसी के यात्रियों को मिलेगी सुविधा, आरक्षित और अनारक्षित दोनों तरह की ट्रेनें चलेंगी

Lucknow Desk : त्योहार का सीजन शुरू हो गया है। चारों तरफ हलचल है। जो लोग घर से बाहर है। वो घर जाने की तैयारी कर रहे है। बाजारों में भीड़ है। स्टेशनों में लोग गाड़ी का इंतजार कर रहे है। इन्हीं सब के बीच यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे का लखनऊ मंडल स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। इन ट्रेनों के चलने से त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। रेलवे ने आरक्षित और अनारक्षित दोनों तरह की स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की है।
रेलवे के अनुसार, लुधियाना से 12 नवंबर और गया से 13 नवंबर को आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इस ट्रेन में कुल 19 एलएचबी कोच होंगे। इनमें सामान्य, स्लीपर और एसी श्रेणी के कोच शामिल रहेंगे। ट्रेन आलमनगर, उतरेटिया, रायबरेली, मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ और वाराणसी के रास्ते गुजरेगी। इससे इन स्टेशनों के आसपास के यात्रियों को भी सफर करने में सुविधा होगी।
इसके अलावा सहारनपुर से 30 अक्टूबर और वाराणसी से 2 नवंबर को अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इस ट्रेन में 17 जनरल और एसएलआर कोच लगाए जाएंगे। इससे सामान्य श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को फायदा मिलेगा।
समय के अनुसार, सहारनपुर से आने वाली ट्रेन रात 11:35 बजे आलमनगर पहुंचेगी और सुबह 7 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वहीं, वाराणसी से ट्रेन दोपहर 2 बजे रवाना होगी। यह रात 9:35 बजे आलमनगर पहुंचेगी और अगले दिन सुबह सहारनपुर पहुंचेगी। रेलवे की इस व्यवस्था से त्योहारों के दौरान यात्रियों को सफर में राहत मिलने की उम्मीद है।



