TGT-PGT अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन! प्रयागराज में कफन ओढ़कर छात्रों ने किया चक्काजाम, कई हिरासत में
Fierce protest by TGT-PGT candidates in Prayagraj

प्रयागराज। पुरानी नियमावली के तहत भर्ती में एक अवसर देने की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन चौथे दिन तेज हो गया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा निदेशालय और एकलव्य चौराहे पर कई घंटे तक प्रदर्शन किया।
प्रयागराज में टीजीटी-पीजीटी भर्ती से जुड़े अभ्यर्थियों का आंदोलन गुरुवार को चौथे दिन उग्र हो गया। पुरानी नियमावली के अनुसार भर्ती में एक अवसर दिए जाने की मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों ने कफन ओढ़कर चक्काजाम किया। शिक्षा निदेशालय और एकलव्य चौराहे पर पूरे दिन गहमागहमी बनी रही।
अभ्यर्थियों के मुताबिक, गुरुवार सुबह कुछ प्रदर्शनकारी अपने साथियों के लिए भोजन-पानी की व्यवस्था करने और अन्य जरूरी कामों से बाहर गए थे। इसी दौरान प्रशासन ने शिक्षा निदेशालय का मुख्य द्वार बंद कर उस पर ताला लगा दिया। लौटने पर अभ्यर्थियों को परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया गया।
बाद में वार्ता का आश्वासन मिलने पर प्रदर्शनकारी शिक्षा निदेशालय परिसर में लौटे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेना शुरू कर दिया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे आशुतोष पांडेय को भी हिरासत में लिया गया। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि 12 से अधिक अभ्यर्थियों को हिरासत में लिया गया है।
अभ्यर्थियों ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी मांगों पर बातचीत करने के बजाय उन्हें प्रदर्शन से रोकने की कोशिश की जा रही है।



