सिख दंगों से बाबरी तक… सोनिया गांधी पर पंकज चौधरी का बड़ा हमला
सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' को लेकर बीजेपी हमलावर, यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने 1984 के सिख दंगों, कश्मीर और बाटला हाउस एनकाउंटर का जिक्र कर कांग्रेस पर साधा निशाना।

Lucknow Desk : कांग्रेस और बीजेपी के बीच एक बार फिर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ के सामने आने के बाद बीजेपी लगातार कांग्रेस को घेर रही है। अब उत्तर प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोनिया गांधी और कांग्रेस पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों और कश्मीर में हिंदुओं की हत्या का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।
पंकज चौधरी ने सोनिया गांधी पर साधा निशाना
पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों और कश्मीर में हिंदुओं की हत्याओं के समय सोनिया गांधी ने चुप्पी साधे रखी। वहीं, बाटला हाउस एनकाउंटर और बाबरी मस्जिद के मामले में उन्होंने आंसू बहाए। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने इसे कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति बताया।
दीपावली के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरा
पंकज चौधरी ने अपने बयान में विपक्षी गठबंधन INDIA पर भी निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद का जिक्र किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं को दीपावली जैसे त्योहारों को लेकर भी परेशानी है। पंकज चौधरी ने दावा किया कि इमरान मसूद ने दीपावली को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि इसी तरह की राजनीति के कारण कांग्रेस और उसका गठबंधन कमजोर हो रहा है।
सोनिया गांधी की किताब को लेकर बीजेपी हमलावर
सोनिया गांधी की किताब प्रकाशित होने के बाद से बीजेपी के नेता लगातार कांग्रेस पर सवाल उठा रहे हैं। बीजेपी का आरोप है कि किताब में इतिहास से जुड़े तथ्यों को सही तरीके से पेश नहीं किया गया है।
इसके अलावा बीजेपी नेताओं ने 1984 के सिख विरोधी दंगों का मुद्दा उठाते हुए सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से सिख समुदाय से माफी मांगने की मांग भी की है। इस पूरे मामले ने एक बार फिर देश की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।



