Ghaziabad : अर्थला में गोली लगने से युवक की मौत, चश्मदीदों ने लगाए गंभीर आरोप
परिसर में तैनात सिक्योरिटी गार्ड विवेक यादव ने अपने लाइसेंसी हथियार से गोली चलाई थी। गोली समीर पुत्र नबी अहमद को लगी। घायल अवस्था में समीर को एमएमजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

Lucknow Desk : साहिबाबाद थाना क्षेत्र के अर्थला स्थित अर्धनिर्मित पार्श्वनाथ बिल्डिंग परिसर में गोली लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और सिक्योरिटी गार्ड विवेक यादव को हिरासत में लेकर उसके लाइसेंसी हथियार को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक, परिसर में तैनात सिक्योरिटी गार्ड विवेक यादव ने अपने लाइसेंसी हथियार से गोली चलाई थी। गोली समीर पुत्र नबी अहमद को लगी। घायल अवस्था में समीर को एमएमजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
गार्ड ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि कुछ युवक अर्धनिर्मित बिल्डिंग परिसर से लोहे की सरिया और अन्य सामान चोरी करने का प्रयास कर रहे थे। उन्हें डराने के उद्देश्य से उसने गोली चलाई, जो समीर को लग गई।
हालांकि, घटना को लेकर चश्मदीदों ने पुलिस के दावे से अलग आरोप लगाए हैं। चश्मदीदों के मुताबिक, कुछ युवक बिल्डिंग के पास रील बनाने के लिए गए थे। इसी दौरान सिक्योरिटी गार्ड ने कथित तौर पर बिना ठीक से देखे उनकी तरफ गोली चला दी, जिससे समीर को गोली लग गई। चश्मदीदों ने यह भी आरोप लगाया कि गोली लगने के बाद वहां मौजूद गार्डों ने समीर के साथ मारपीट की।



