Health Tips : शरीर में खून की कमी है तो ऐसे बढ़ाएं हीमोग्लोबिन, डाइट में शामिल करें ये चीजें
शरीर में खून की कमी से कमजोरी और थकान जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जानिए डाइट में कौन-कौन सी चीजें शामिल कर बढ़ा सकते हैं हीमोग्लोबिन।

Lucknow Desk : शरीर में खून की कमी यानी हीमोग्लोबिन कम होना आजकल एक आम समस्या बन गई है। इसकी वजह से शरीर में कमजोरी, जल्दी थकान होना, चक्कर आना, सांस फूलना और त्वचा का रंग पीला पड़ना जैसी परेशानियां हो सकती हैं। खून की कमी को नजरअंदाज करना ठीक नहीं है, क्योंकि शरीर के हर हिस्से तक ऑक्सीजन पहुंचाने का काम हीमोग्लोबिन करता है।
खून की कमी होने का सबसे बड़ा कारण शरीर में आयरन, विटामिन बी12 और फोलिक एसिड जैसे जरूरी पोषक तत्वों की कमी होना है। इसके अलावा ज्यादा रक्तस्राव, कुछ गंभीर बीमारियां जैसे किडनी, लिवर की समस्या, कैंसर या कुछ अनुवांशिक कारणों से भी शरीर में हीमोग्लोबिन कम हो सकता है।
खून की कमी दूर करने के लिए अपनी डाइट में आयरन से भरपूर चीजों को शामिल करना जरूरी है। हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक, मेथी, सरसों का साग और ब्रोकली आयरन के अच्छे स्रोत माने जाते हैं। इसके अलावा दालें, राजमा, चना, मसूर और सोयाबीन भी शरीर को जरूरी पोषण देते हैं।
चुकंदर और अनार का सेवन भी फायदेमंद माना जाता है। इसके साथ ही किशमिश, खजूर और मुनक्का जैसे ड्राई फ्रूट्स को रात में भिगोकर सुबह खाने से भी शरीर को पोषण मिलता है। गुड़ और काले तिल का सेवन भी आयरन की कमी पूरी करने में मदद कर सकता है।
आयरन के साथ विटामिन सी वाली चीजें जैसे नींबू, आंवला और संतरा खाने से शरीर में आयरन का अवशोषण बेहतर होता है।
अगर शरीर में खून की कमी ज्यादा है तो केवल खान-पान पर निर्भर न रहें। डॉक्टर की सलाह से आयरन की गोलियां या सिरप लेना जरूरी हो सकता है। सही डाइट और समय पर इलाज से हीमोग्लोबिन का स्तर बेहतर किया जा सकता है।



