करणी सेना का बड़ा बयान, रोहिणी घावरी को नगीना से चुनाव लड़ाने की तैयारी
सूरज पाल सिंह अम्मू बोले- रोहिणी पढ़ी-लिखी और मायावती से लाख गुना बेहतर, आरक्षण के मुद्दे पर भी खुलकर रखी बात

Lucknow Desk : राजधानी लखनऊ में मंगलवार को करणी सेना के एक कार्यक्रम में रोहिणी घावरी को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान सामने आया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित स्वाभिमान संकल्प कार्यक्रम में करणी सेना के अध्यक्ष सूरज पाल सिंह अम्मू ने कहा कि संगठन रोहिणी घावरी को नगीना लोकसभा सीट से चुनाव लड़ाने की तैयारी करेगा।
कार्यक्रम में रोहिणी घावरी भी मौजूद रहीं। वह सांसद चंद्रशेखर आजाद की पूर्व गर्लफ्रेंड के तौर पर चर्चा में रही हैं। मंच से बोलते हुए सूरज पाल सिंह अम्मू ने रोहिणी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि उनकी बेटी रोहिणी घावरी मायावती से लाख गुना अच्छी और पढ़ी-लिखी हैं। अम्मू ने कहा कि आने वाले समय में रोहिणी को नगीना से सांसद का चुनाव लड़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में रोहिणी घावरी ने भी आरक्षण और समाज से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आज का युवा आरक्षण में वर्गीकरण चाहता है। उनके मुताबिक, सरकार जिस तरह के नए नियम ला रही है, उससे समाज में बंटवारे की स्थिति बन रही है। उन्होंने साफ कहा कि वह समाज को बांटने के पक्ष में नहीं हैं।
रोहिणी ने यह भी कहा कि अगर सरकार युवाओं और समाज की बात नहीं मानेगी तो जनता सरकार बदलने का फैसला कर सकती है। उन्होंने युवाओं की आवाज और उनकी मांगों को गंभीरता से लेने की जरूरत बताई।
लखनऊ में हुए इस कार्यक्रम के बाद रोहिणी घावरी के नगीना से संभावित चुनाव लड़ने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि आगामी चुनाव में वह किस पार्टी या संगठन के समर्थन से मैदान में उतरेंगी।



