उत्तर प्रदेश

Azamgarh : स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा पर बड़ा एक्शन, नियम तोड़ने वाले वाहनों पर परिवहन विभाग का शिकंजा

बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग सख्त, 544 वाहनों को फिटनेस के लिए नोटिस; नियम तोड़ने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई

Lucknow Desk : आजमगढ़ में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिले में चलाए जा रहे मिशन सेफ फ्यूचर अभियान के तहत नियमों का पालन नहीं करने वाले स्कूली वाहनों पर सख्ती की जा रही है।

एआरटीओ प्रवर्तन अतुल कुमार यादव ने बताया कि अभियान के दौरान अब तक 53 स्कूली वाहनों को सीज किया गया है, जबकि 67 वाहनों का चालान किया गया है। इन कार्रवाईयों के तहत करीब 7 लाख 50 हजार रुपये का प्रशमन शुल्क लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि परिवहन विभाग का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को नियमों के प्रति जागरूक करना भी है। विभाग की ओर से लगातार जांच की जा रही है, ताकि बच्चों को सुरक्षित तरीके से स्कूल पहुंचाने वाली गाड़ियों का संचालन हो सके।
एआरटीओ ने कहा कि सभी स्कूल संचालकों और वाहन मालिकों को अपने वाहनों के जरूरी दस्तावेज पूरे रखने होंगे। इनमें वाहन का फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट और अन्य जरूरी कागजात शामिल हैं। बिना दस्तावेज या नियमों के विपरीत चलने वाले वाहनों पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को स्कूल भेजने के लिए ऐसे वाहनों का इस्तेमाल करें, जो पूरी तरह से मानकों को पूरा करते हों। उन्होंने बताया कि लोग परिवहन विभाग के मोबाइल ऐप के माध्यम से भी वाहन की वैधता और अन्य जानकारी की जांच कर सकते हैं।
परिवहन विभाग ने जिले में 544 स्कूली वाहनों को फिटनेस कराने के लिए नोटिस जारी किया है। विभाग ने साफ किया है कि तय समय में कमियां दूर नहीं करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ चालान, वाहन सीज करने और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने पर दो विद्यालयों के खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई भी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा के मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह अभियान सिर्फ शहर तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी चलाया जा रहा है। इसके लिए संबंधित थानों को भी जानकारी उपलब्ध करा दी गई है और पूरे महीने अलग-अलग क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया जाएगा।
परिवहन विभाग का कहना है कि अभियान का मुख्य उद्देश्य स्कूली वाहनों को सुरक्षित और नियमों के अनुसार संचालित कराना है, ताकि बच्चों की यात्रा सुरक्षित हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button