उत्तराखण्ड

रुड़की में दो सगी बहनों की हत्या का खुलासा, भाई गिरफ्तार

चरित्र पर शक और परिवार की बदनामी का गुस्सा बना दोहरी हत्या की वजह, संपत्ति विवाद के एंगल पर भी जांच जारी

Lucknow Desk : रुड़की की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चुड़ियाला गांव में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने उनके भाई विवेक उर्फ विक्की को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को अपनी दोनों बहनों के चरित्र पर शक था। उसे लगता था कि उनकी वजह से परिवार की बदनामी हो रही है। इसी बात को लेकर उसके मन में काफी समय से गुस्सा था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस के सामने बहनों के चरित्र पर शक होने की बात स्वीकार की है।

जांच में सामने आया है कि हत्या अचानक गुस्से में नहीं की गई, बल्कि आरोपी ने वारदात की पहले से तैयारी की थी। पुलिस के अनुसार, हत्या को अंजाम देने से करीब दो-तीन दिन पहले वह अपनी बहनों की रेकी कर रहा था। इससे पुलिस को अंदेशा है कि आरोपी ने सही मौका देखकर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी।

पुलिस ने आरोपी को चुड़ियाला गांव से ही गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया 315 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।

एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने गंगनहर कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि शुरुआती पूछताछ में हत्या की वजह बहनों के चरित्र को लेकर आरोपी का शक सामने आया है। हालांकि, पुलिस मामले की जांच को केवल इसी वजह तक सीमित नहीं रख रही है।

मामले में संपत्ति विवाद का एंगल भी सामने आया है। पुलिस अब इस पहलू की भी गहराई से जांच कर रही है कि कहीं संपत्ति को लेकर कोई पुराना विवाद या पारिवारिक तनाव तो हत्या की वजह नहीं बना। पुलिस आरोपी से पूछताछ के साथ अन्य तथ्यों और साक्ष्यों को भी जोड़ रही है।

एक ही परिवार की दो बेटियों की हत्या की इस घटना से चुड़ियाला गांव में भी सनसनी फैल गई थी। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और उससे वारदात की पूरी कहानी तथा हत्या के पीछे की वजहों को लेकर पूछताछ जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button