अमेरिका में भारत के लिए बढ़ रही नफरत, हिंदू मंदिर पर हमले की साजिश पर MEA भड़का
MEA enraged over plot to attack Hindu temple in Aurora

नई दिल्ली। अमेरिका के इलिनोइस राज्य के ऑरोरा इलाके में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी की कथित साजिश पर भारत ने चिंता जताई है। विदेश मंत्रालय ने साजिश के कथित हिंदू-विरोधी और नस्लवादी स्वरूप को बेहद परेशान करने वाला बताया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “ऑरोरा में एक हिंदू मंदिर को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर गोलीबारी करने की कथित साजिश की खबरों से हम बेहद चिंतित हैं। इस साजिश का कथित हिंदू-विरोधी और नस्लवादी स्वरूप- जिसमें भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा की बात भी शामिल है, विशेष रूप से चिंताजनक है।”
हमले की साजिश रचने वाला 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, शिकागो के पास ऑरोरा में मंदिर पर हमले की साजिश रचने के आरोप में 19 वर्षीय एलेक्जेंड्रोस पैपोराकिस को गिरफ्तार किया गया है। जांच के दौरान उसके पास से एक कथित घोषणापत्र बरामद होने की बात कही गई है।
रिपोर्टों के अनुसार, दस्तावेज में श्वेत वर्चस्ववादी विचारधारा का उल्लेख था और भारतीय मूल के लोगों के खिलाफ हिंसा की बातें शामिल थीं। मामले की जांच जारी है।



