‘नीला ड्रम’ हत्याकांड : साहिल और मुस्कान ने फांसी के फैसलो को हाईकोर्ट में दी चुनौती
meerut murder case : Sahil and Muskan challenge death sentences in High Court

Meerut Murder : सौरभ राजपूत की हत्या के मामले में जिला अदालत ने दोनों को 14 अक्टूबर को फांसी की सजा सुनाई थी। फैसले की हाईकोर्ट से पुष्टि अभी बाकी है।
‘नीला ड्रम’ हत्याकांड के दोषी साहिल शुक्ला और मुस्कान रस्तोगी ने निचली अदालत के मृत्युदंड के फैसले को हाईकोर्ट में चुनौती दी है। वरिष्ठ अधिवक्ता सुशील शुक्ला ने गुरुवार को दोनों की ओर से अपील दायर की। उन्होंने बताया कि साहिल और मुस्कान ने उन्हें अपना अधिवक्ता नियुक्त किया है। अपील पर सुनवाई की तारीख अभी तय नहीं हुई है।
जिला जज अरविंद कुमार मिश्र की अदालत ने 14 अक्टूबर को साहिल और मुस्कान को मृत्युदंड सुनाया था। फैसले से जुड़ा 165 पन्नों का आदेश मृत्युदंड की पुष्टि के लिए हाईकोर्ट भेजा गया है। हाईकोर्ट की स्वीकृति अब तक नहीं मिली है। दोनों दोषी फिलहाल जेल में बंद हैं।
क्या है मामला?
पुलिस के मुताबिक, ब्रह्मपुरी में 3 मार्च 2025 को सौरभ राजपूत की हत्या कर दी गई थी। आरोप था कि उनकी पत्नी मुस्कान और उसके प्रेमी साहिल शुक्ला ने वारदात को अंजाम दिया और शव को सीमेंट से भरे नीले ड्रम में छिपा दिया।
अमित हत्याकांड के दोषियों की भी अपील की तैयारी
अमित हत्याकांड में मृत्युदंड पाए उसकी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप भी हाईकोर्ट में अपील करने की तैयारी कर रहे हैं। जेल प्रशासन को उनकी अपील की योजना की जानकारी मिली है।
अपर जिला जज जयवीर नागर की अदालत ने दोनों को फांसी की सजा सुनाई थी। मामले के अनुसार, 12 अप्रैल 2025 की रात अमित की गला दबाकर हत्या की गई थी। आरोप था कि घटना को हादसा दिखाने के लिए शव पर सांप छोड़ दिया गया।
‘बच्ची का क्या अपराध है?’: अनामिका जैन अंबर
कवयित्री अनामिका जैन अंबर और उनके पति, कवि सौरभ जैन, गुरुवार को जेल में मुस्कान से मिले। अनामिका ने कहा कि साहिल और मुस्कान का अपराध क्षमा करने योग्य नहीं है, लेकिन मुस्कान की 10 माह की बच्ची का कोई दोष नहीं है।
उन्होंने कहा, “मैं एक मां हूं। मुस्कान की 10 माह की बच्ची को देखकर मन करता है कि आजीवन उसका पूरा खर्च उठाऊं। बच्ची का क्या अपराध है?” अनामिका ने कहा कि बच्ची के बालिग होने तक मुस्कान को फांसी न दी जाए और उसकी सजा को उम्रकैद में बदला जा सकता है। उनके मुताबिक, जेल में मुस्कान की आंखों में पश्चाताप दिखाई दे रहा था।



