उत्तर प्रदेश

सुल्तानपुर पहुंचे प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव, सरकार की योजनाओं और विपक्ष पर रखी बात

भाजपा की नीतियों, ऑपरेशन कायाकल्प और पेपर लीक मामले पर मंत्री ने प्रेस वार्ता में रखे विचार

Lucknow Desk : सुल्तानपुर जिले के प्रभारी मंत्री और प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव गुरुवार को सुल्तानपुर पहुंचे। उन्होंने कलेक्ट्रेट में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं, जिले के विकास और विपक्ष के आरोपों पर अपनी बात रखी।

मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘एकात्म मानववाद’ के सिद्धांत पर काम करती है। उनका कहना था कि भाजपा का उद्देश्य केवल सत्ता में बने रहना नहीं, बल्कि देश का विकास करना और भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आज भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है। ब्रह्मोस जैसी मिसाइलों का निर्माण देश की ताकत को बढ़ा रहा है और दुनिया में भारत का सम्मान भी बढ़ा है।

समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि भाजपा परिवारवाद की राजनीति नहीं करती। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि कुछ दल अपने परिवार के लोगों को आगे बढ़ाने में लगे हैं, जबकि भाजपा 140 करोड़ देशवासियों के विकास के लिए काम कर रही है। सपा की साइकिल यात्रा पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी साइकिल पहले ही पंचर हो चुकी है।

NEET और पेपर लीक मामले पर मंत्री ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर हो रहे प्रदर्शन राजनीतिक कारणों से किए जा रहे हैं। उनका दावा था कि सरकार ने पेपर लीक की जानकारी मिलते ही परीक्षा रद्द कर दी और 27 दिनों के भीतर दोबारा परीक्षा कराकर परिणाम भी घोषित कर दिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं के हित में सख्त कानून बनाया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई हो सके।

मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार हर मुद्दे पर विधानसभा में चर्चा के लिए तैयार रहती है, लेकिन विपक्ष चर्चा के बजाय हंगामा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग देश में अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

प्राथमिक शिक्षा के मुद्दे पर भी मंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के समय कई सरकारी स्कूलों में शौचालय, बिजली, पंखे और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं थीं। वर्तमान सरकार ने ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत स्कूलों में 19 मानकों पर सुधार किया है। बच्चों को दो सेट यूनिफॉर्म, जूते, मोजे और स्कूल बैग दिए जा रहे हैं। साथ ही अभिभावक-शिक्षक बैठक की व्यवस्था भी शुरू की गई है ताकि बच्चों की पढ़ाई में सुधार हो सके।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंत्री ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार युवाओं, शिक्षा और विकास के मुद्दों पर लगातार काम कर रही है और सरकार का लक्ष्य सभी वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button