PM मोदी ने फोन कर CM योगी से बात की... बोले- 'मां का जाना दुखद'
PM Modi called CM Yogi said passing of one mother is saddening

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। इस दुख की घड़ी में पीएम मोदी ने सीएम योगी से फोन पर बातचीत की और मां के निधन पर संवदेनाएं व्यक्त की। इसके साथ ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कई अन्य नेताओं ने भी शोक जताया।
सोशल मीडिया के एक्स पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा, “मां का जाना जीवन के सबसे असहनीय आघातों में से एक है।” उन्होंने सीएम योगी और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की। उत्तराखंड के सीएम धामी ने भी योगी की मां सावित्री देवी के निधन को दुखद बताते हुए कहा कि यह परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा राज्य भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी शोक व्यक्त किया।
पंचूर गांव में हुआ निधन
PTI के मुताबिक, सावित्री देवी ने शुक्रवार सुबह 10:45 बजे उत्तराखंड के पंचूर गांव में अंतिम सांस ली। ग्राम सभा के एक सदस्य ने बताया कि वह लंबे समय से अस्वस्थ थीं और उम्र बढ़ने के कारण परिवार के सदस्यों को ही पहचान पाती थीं। पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने बताया कि स्थानीय प्रशासन परिवार के संपर्क में है।
योगी आदित्यनाथ को मां के निधन की खबर उस समय मिली, जब वह उत्तर प्रदेश में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल थे। उनके अन्य आधिकारिक कार्यक्रम पहले से निर्धारित थे। उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उत्तराखंड जाने को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं थी।
शनिवार को अंतिम संस्कार की संभावना
पंचूर ग्राम सभा के सदस्य जी.सी. बडोला ने PTI को बताया कि योगी आदित्यनाथ के एक भाई शुक्रवार शाम तक गांव पहुंच सकते हैं। सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को गांव के पास फूल चट्टी घाट पर होने की संभावना जताई गई थी। इसी घाट पर योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का भी अंतिम संस्कार हुआ था। आनंद सिंह बिष्ट के निधन के समय, 2020 में, कोविड-19 लॉकडाउन और मुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियों के कारण योगी आदित्यनाथ अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे।
यह भी पढ़े : 32 साल पहले छोड़ा घर… पर मां से नहीं टूटा रिश्ता! मां से कैसा था योगी का रिश्ता? इसलिए छोड़ा था घर...



