Bhadohi : मंत्री की बैठक में सियासी तकरार, सपा विधायक जाहिद बेग ने भाजपा पर साधा निशाना
प्रभारी मंत्री एके शर्मा की मौजूदगी में बढ़ा विवाद, सपा विधायक ने भाजपा नेताओं के व्यवहार पर जताई नाराजगी।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश के नगर विकास, ऊर्जा मंत्री और भदोही के प्रभारी मंत्री एके शर्मा के दौरे के दौरान बुधवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में उस समय हलचल मच गई, जब समाजवादी पार्टी के विधायक जाहिद बेग नाराज होकर बैठक बीच में ही छोड़कर बाहर निकल आए। बाहर आते ही उन्होंने भाजपा नेताओं पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया और अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर की।
जानकारी के अनुसार, प्रभारी मंत्री एके शर्मा जिले के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों और अन्य मुद्दों की समीक्षा बैठक कर रहे थे। बैठक में डीएम, एसपी, भाजपा और सहयोगी दलों के विधायक मौजूद थे। इसी दौरान सपा विधायक जाहिद बेग भी बैठक में पहुंचे, लेकिन कुछ देर बाद ही नाराज होकर बाहर निकल गए।
बैठक से बाहर निकलते समय अधिकारियों ने उन्हें रोकने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुके। बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए जाहिद बेग ने कहा कि अगर बैठक सिर्फ भाजपा नेताओं के साथ करनी थी तो उन्हें बुलाने की जरूरत नहीं थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बैठक के दौरान भाजपा नेताओं ने उनके साथ गलत व्यवहार किया और उन्हें बोलने नहीं दिया गया।
सपा विधायक ने कहा कि उन्होंने हाल ही में छात्रों पर दर्ज एफआईआर का मुद्दा उठाया था। उनका कहना है कि परीक्षा लीक के विरोध में प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर गलत तरीके से मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वह छात्रों के समर्थन में लगातार आवाज उठाते रहेंगे, चाहे इसके लिए उन्हें किसी भी तरह की कार्रवाई का सामना क्यों न करना पड़े।
गौरतलब है कि जिले में हाल ही में एक प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेता पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने 10 नामजद और करीब 50 अज्ञात छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इसी कार्रवाई का सपा विधायक लगातार विरोध कर रहे हैं और इसे छात्रों के साथ अन्याय बता रहे हैं।
वहीं, सपा विधायक के आरोपों पर भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बैठक में प्रभारी मंत्री के सामने इस तरह की कोई घटना नहीं हुई। उन्होंने कहा कि विधायक द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह बेबुनियाद हैं। उनके अनुसार, अपनी राजनीतिक छवि बनाए रखने और अपनी पार्टी को संदेश देने के लिए जाहिद बेग इस तरह के बयान दे रहे हैं।
फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर जिले की राजनीति में चर्चा तेज हो गई है। एक ओर सपा विधायक भाजपा नेताओं पर दुर्व्यवहार का आरोप लगा रहे हैं, तो दूसरी ओर भाजपा इन आरोपों को राजनीति से प्रेरित बता रही है। ऐसे में यह मामला अब राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।



