प्रतापगढ़ : कोठी में कुंडा के राजा भैया ने की शस्त्र-पूजा, 500 से अधिक लाइसेंसी हथियार रखें
Pratapgarh Raja Bhaiya performed shastra puja at his residence.

प्रतापगढ़। विजयादशमी के अवसर पर कुंडा के विधायक और जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने बेंती कोठी में पारंपरिक शस्त्र पूजन किया। कार्यक्रम में उनके समर्थकों के 500 से अधिक लाइसेंसी हथियार पूजन के लिए रखे गए।
केसरिया साफा और धोती-कुर्ता पहने राजा भैया ने अपने परिवार के आठ शस्त्रों की पूजा की। इसके बाद पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ समर्थकों के हथियारों का विधि-विधान से पूजन कराया। पूजा के बाद आरती हुई और प्रसाद वितरित किया गया। राजा भैया ने लगातार दूसरे वर्ष समर्थकों के साथ यह आयोजन किया।

‘शस्त्र और शास्त्र- दोनों का ज्ञान जरूरी’
समर्थकों को संबोधित करते हुए राजा भैया ने शस्त्र पूजन को सनातन संस्कृति और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि विजयादशमी पर शस्त्र पूजन की परंपरा प्राचीन है और लोगों को अपनी गौरवशाली परंपराओं से जुड़ना चाहिए। उन्होंने शस्त्र और शास्त्र, दोनों के ज्ञान को जरूरी बताया।
राजा भैया ने भारतीय परंपराओं और स्वदेशी वस्त्रों को अपनाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि युवा अब धोती-कुर्ता कम पहनते हैं और यह परंपरा धीरे-धीरे कम होती जा रही है। उन्होंने लोगों से त्योहारों पर धोती-कुर्ता पहनने का आग्रह किया।



