एयर शो की तैयारी तेज, गंगा के ऊपर दिखेंगे विमानों के शानदार करतब
22, 23 और 25 अक्टूबर को होगा भव्य एयर शो, सुरक्षा के लिए ड्रोन और नावों पर रहेगी रोक

Lucknow Desk : अक्टूबर में होने वाले भव्य एयर शो को लेकर वाराणसी में तैयारियां जोर -शोर से शुरु हो गई हैं। भारतीय वायु सेना के स्थापना दिवस के मौके पर होने वाला यह कार्यक्रम गंगा के ऊपर आयोजित किया जाएगा। इस दौरान लोगों को आसमान में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के शानदार करतब देखने को मिलेंगे।
यह एयर शो 22, 23 और 25 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक होगा। कार्यक्रम नमो घाट से अस्सी घाट के बीच गंगा के ऊपर आयोजित किया जाएगा। बताया जा रहा है कि शो में 100 से ज्यादा लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर हिस्सा ले सकते हैं। 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
ड्रोन उड़ाने पर रोक
एयर शो को देखते हुए घाटों और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जाएगी। निजी ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। अनधिकृत ड्रोन पर नजर रखने के लिए खास सेंसर भी लगाए जा रहे हैं।
दो घंटे बंद रहेंगी नावें
एयर शो के दौरान दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक गंगा में नाव चलाने पर रोक रहेगी। इसके अलावा राजघाट पुल पर सड़क और रेल यातायात भी कुछ समय के लिए रोका जाएगा। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए यह व्यवस्था की जा रही है।
बड़ी संख्या में पहुंचेंगे दर्शक
कार्यक्रम में लाखों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। करीब 15 से 25 लाख दर्शकों के आने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा बड़ी संख्या में वीआईपी मेहमान भी शामिल हो सकते हैं। भीड़ को संभालने के लिए बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन और सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है।
वाराणसी में होने वाला यह एयर शो लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहने वाला है। प्रशासन की कोशिश है कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।



