
Sri Ganganagar Rail Track Blast : राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल मार्ग पर हुए धमाके की जांच में पंजाब के गुरदासपुर जिले के सीमावर्ती गांवों तक पहुंचने का दावा किया गया है। राजस्थान पुलिस ने महकप्रीत कौर और उसके साथी दविंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों कलानौर थाना क्षेत्र के दोस्तपुर और चौड़ां कलां गांव के रहने वाले हैं। आरोपितों के पास से दो पिस्तौल- 9 एमएम और 30 बोर और 40 कारतूस बरामद किए गए हैं।
धमाका तीन नवंबर को रामसिंहपुर थाना क्षेत्र में गांव 50 जीबी के पास रेल पटरी पर हुआ था। जांच के दौरान पंजाब से जुड़े संदिग्धों की जानकारी मिलने पर राजस्थान पुलिस की टीम गुरदासपुर पहुंची। एडीजीपी दिनेश एनएम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी नितिन चौधरी के नेतृत्व में टीम ने स्थानीय पुलिस चौकी दोस्तपुर की मदद से दोनों को गिरफ्तार किया।
तीसरी कोशिश में धमाका करने का आरोप
गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य के अनुसार, दोनों आरोपित कथित तौर पर तीन बार राजस्थान गए थे। पुलिस का दावा है कि छह अक्टूबर की पहली यात्रा में उन्हें धमाके के लिए जरूरी सामान नहीं मिला और 12 अक्टूबर को भी वे अपने मकसद में सफल नहीं हुए। इसके बाद तीसरी बार रेल ट्रैक पर धमाका किया गया।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे शाह नाम के हैंडलर ने महकप्रीत के खाते में ऑनलाइन एक लाख रुपये भेजे थे। इसमें से 30 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि उसे इससे अधिक रकम भी मिली हो सकती है। जांच में यह भी सामने आया है कि महकप्रीत के जेल में बंद पूर्व पति ने कथित तौर पर उसका संपर्क लवली नाम के पाकिस्तानी हैंडलर से कराया था।
परिवारों ने जताई अनजान होने की बात
दविंदर की मां बलजीत कौर और रिश्तेदार सुखविंदर कौर के मुताबिक, दोनों करीब दो महीने पहले संपर्क में आए थे। परिवार का कहना है कि इसके बाद दविंदर उनकी बात कम सुनने लगा था और महकप्रीत से शादी करने की बात करता था। परिजनों के अनुसार, वह एक नवंबर को यह कहकर घर से निकला था कि दोस्त के इंटरव्यू के सिलसिले में दिल्ली जा रहा है और करीब पांच दिन बाद लौटा। परिवार ने बताया कि वह महकप्रीत को एक लाख रुपये देने की बात भी करता था।
महकप्रीत के माता-पिता, तिरलोक सिंह और सरबजीत कौर, के अनुसार, उनकी बेटी कई-कई दिन घर से बाहर रहती थी और परिवार को कुछ नहीं बताती थी। उन्होंने बताया कि महकप्रीत ने करीब दो साल पहले अपनी मर्जी से बाऊपुर गांव में शादी की थी, लेकिन छह महीने बाद तलाक हो गया। उसका पूर्व पति नशा तस्करी के आरोप में जेल में बंद है।
दोनों परिवारों ने रेल ट्रैक धमाके या महकप्रीत और दविंदर की कथित गतिविधियों की जानकारी होने से इनकार किया है। मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़े : BJP की 209 उम्मीदवारों की लिस्ट पर पंकज चौधरी बोले- ये भ्रामक खबर है



