उत्तर प्रदेश

अखिलेश यादव को रघुराज सिंह की खुली चुनौती, बोले- 2027 में हराकर दिखाऊंगा

अयोध्या से चुनाव लड़ने की जताई इच्छा, बोले- मौका मिला तो रामनगरी के लोगों की सेवा करूंगा

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज होने लगी है। योगी सरकार में राज्यमंत्री ठाकुर रघुराज सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को खुली चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि वह 2027 के चुनाव में अखिलेश यादव को हराएंगे। इसके साथ ही उन्होंने अयोध्या विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा भी जताई।

सोमवार को अयोध्या पहुंचे रघुराज सिंह ने रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अगर पार्टी उन्हें मौका देती है, तो वह अयोध्या से चुनाव लड़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य अयोध्या के लोगों की सेवा करना और इस नगरी को और सुंदर बनाना है।

रघुराज सिंह ने समाजवादी पार्टी की पीडीए राजनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह हिंदू समाज को साथ लेकर चलने की बात करते हैं। भगवान राम और माता शबरी का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल किया कि जब भगवान राम ने शबरी के जूठे बेर खाए थे, तब क्या उन्होंने जाति देखी थी या पीडीए का कोई फॉर्मूला अपनाया था? उन्होंने सनातन धर्म और हिंदुत्व को जीवन जीने की शैली बताया।

चंद्रशेखर आजाद की चुनौती को लेकर भी रघुराज सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने दावा किया कि पिछले कई दिनों से उन्हें धमकियां मिल रही हैं, लेकिन उन्हें भगवान रामलला पर पूरा भरोसा है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि मोदी और योगी सरकार में भारत और उत्तर प्रदेश भयमुक्त बने हैं।

रघुराज सिंह ने मुलायम सिंह यादव के शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान वह कई बार जेल गए, लेकिन अयोध्या के लोगों की सेवा करना बंद नहीं किया।

अब 2027 के चुनाव से पहले उनके इस बयान ने सियासी चर्चा बढ़ा दी है। हालांकि, अयोध्या से चुनाव लड़ने की उनकी इच्छा पर पार्टी क्या फैसला लेती है, यह देखना बाकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button