देश

गोवा में राहुल गांधी बोले- ‘CEC ज्ञानेश कुमार वोट चोरी करवाते हैं’

Rahul Gandhi said CEC Gyanesh Kumar facilitates theft of votes in Goa

गोवा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को दक्षिण गोवा के मडगांव में पार्टी की ‘गोय राखोन यात्रा’ में हिस्सा लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ करीब दो किलोमीटर पैदल चलकर यात्रा के समापन कार्यक्रम में शिरकत की। अपने भाषण में राहुल ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया, “पूरा देश जानता है कि सीईसी ज्ञानेश कुमार वोट चोरी को अंजाम देते हैं और अमित शाह तथा प्रधानमंत्री मोदी उनका समर्थन करते हैं।” उन्होंने कहा कि वह हर राज्य में प्रधानमंत्री पर वोट चोरी का आरोप लगाते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं होता। राहुल के मुताबिक, ऐसा इसलिए है क्योंकि मामला कानूनी प्रक्रिया में गया तो सरकार मुश्किल में पड़ सकती है।

उन्होंने यह भी दावा किया कि ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह को जनता के न्याय का सामना करने की चिंता है। राहुल ने कहा, “कांग्रेस पार्टी से ये लोग नहीं बच सकते, क्योंकि हम संविधान के रखवाले हैं।”

‘दिल्ली में सरकार से जल्द निपट लेंगे’

गोवा में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। राहुल ने कहा कि कांग्रेस गोवा पर ध्यान दे रही है और दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी तथा अमित शाह से “कुछ ही समय में निपट” लेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री अब जनता के सामने खड़े होने की स्थिति में नहीं हैं, क्योंकि देश के युवा उनके खिलाफ हो गए हैं।

राहुल गांधी ने गोवा सरकार पर भ्रष्टाचार और जमीनों को लेकर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राज्य में पहले का मास्टर प्लान रद्द कर दिया गया और सरकार का ध्यान गोवा की जमीन अरबपतियों को सौंपने पर है। उन्होंने बेरोजगारी, पलायन और बुनियादी ढांचे की स्थिति को लेकर भी राज्य सरकार की आलोचना की। राहुल ने आरोप लगाया कि गोवा की जमीन और संसाधनों का लाभ स्थानीय लोगों के बजाय बड़े उद्योगपतियों को मिल रहा है।

उन्होंने शिक्षा व्यवस्था पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े लोगों की नियुक्तियां की जा रही हैं। ये सभी राहुल गांधी के भाषण में लगाए गए आरोप हैं।

22 सितंबर को शुरू हुई थी यात्रा

कांग्रेस की ‘गोय राखोन यात्रा’ 22 सितंबर को शुरू हुई थी। पार्टी के मुताबिक, यात्रा के जरिए गोवा की सभी 40 विधानसभा सीटों तक पहुंचने और स्थानीय लोगों से संवाद करने का लक्ष्य रखा गया। कांग्रेस ने इसे राज्य की जमीन, पहचान, पर्यावरण और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा के लिए चलाया गया जनसंपर्क अभियान बताया। राहुल गांधी का पिछले चार साल में यह पहला गोवा दौरा बताया गया है। वह इससे पहले 2022 में राज्य आए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button