Sultanpur News: राहुल गांधी के मानहानि केस पर कल फैसला, 26 अक्टूबर को कोर्ट पहुंचेंगे!
अमित शाह पर कथित टिप्पणी से जुड़े मामले में सुल्तानपुर की MP/MLA कोर्ट ने फैसला सुनाने के लिए 26 अक्टूबर की तारीख तय की है। मामले में आठ साल से चल रही कानूनी प्रक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Lucknow Desk : सुल्तानपुर की MP/MLA कोर्ट में कल, 26 अक्टूबर को राहुल गांधी के मानहानि केस में फैसला सुनाया जाएगा। यह मामला साल 2018 का है। उस समय कर्नाटक चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने अमित शाह को लेकर एक बयान दिया था, जिसे लेकर यह केस दर्ज हुआ था।
मिली जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी कल दोपहर करीब 12 बजे कोर्ट पहुंच सकते हैं। फैसले के समय उनके कोर्ट में रहने की संभावना है। वहीं, उनके समर्थकों ने कोर्ट के गेट के पास ‘सत्यमेव जयते’ का बोर्ड लगाया है।
2018 में दर्ज हुआ था परिवाद
यह मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के हनुमानगंज निवासी भाजपा नेता विजय मिश्रा की ओर से दर्ज कराया गया था। उन्होंने 4 अगस्त 2018 को राहुल गांधी के खिलाफ परिवाद दाखिल किया था। लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद अदालत ने 27 नवंबर 2023 को राहुल गांधी को वारंट के जरिए तलब किया।
20 फरवरी 2024 को राहुल गांधी अदालत में पेश हुए, जहां 25-25 हजार रुपये के दो मुचलकों पर उन्हें जमानत मिली। इसके बाद 26 जुलाई 2024 को उनका बयान दर्ज किया गया। वहीं, 20 फरवरी 2026 को उन्होंने सीआरपीसी की धारा 313 के तहत अपना बयान दिया।
वायस सैंपल की मांग भी हुई खारिज
मामले में शिकायतकर्ता पक्ष ने राहुल गांधी के वायस सैंपल की जांच कराने की मांग की थी। इस संबंध में दाखिल अर्जी 2 मई 2026 को मजिस्ट्रेट कोर्ट ने खारिज कर दी। इसके बाद सेशन कोर्ट और इलाहाबाद हाईकोर्ट में भी इस मांग को लेकर दाखिल अर्जियां खारिज हुईं।
26 अक्टूबर पर टिकी निगाहें
राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज परिवाद पर 6 अक्टूबर 2026 को बहस शुरू हुई और 12 अक्टूबर को सुनवाई पूरी हो गई। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने 26 अक्टूबर को फैसले की तारीख निर्धारित की। अब इस मामले में अदालत के निर्णय का इंतजार है।



