देश
राजस्थान : कोटा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नाले में गिरी बस, 8 लोगों की मौत
Rajasthan Bus falls into drain Delhi-Mumbai Expressway Kota

कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक यात्री बस हादसे का शिकार हो गई। दिल्ली से मुंबई जा रही बस कराड़िया के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 15 फीट गहरे नाले में जा गिरी। हादसे में आठ यात्रियों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, जिला कलेक्टर पीयूष सामरिया ने बताया कि अब तक आठ लोगों को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। गंभीर रूप से घायल सभी मरीजों को आईसीयू में भर्ती कर उनका इलाज शुरू कर दिया गया है।
चालक का नियंत्रण खोने से हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बस कराड़िया के पास से गुजर रही थी, तभी चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस सड़क से फिसलकर पास के गहरे नाले में जा गिरी। हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
घटना की जानकारी देते हुए सिमलिया SHO नंद सिंह ने बताया कि हादसे के समय मिनीबस में करीब 17 यात्री सवार थे। इनमें से दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जबकि कई अन्य को मामूली चोटें आई हैं। घायलों को इलाज के लिए न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल और MBS अस्पताल सहित नजदीकी चिकित्सा केंद्रों में ले जाया जा रहा है। SHO ने बताया कि घायलों को जल्दी अस्पताल पहुंचाने के लिए तीन एम्बुलेंस तैनात की गई हैं।



