उत्तर प्रदेश

30 लाख दीपों से जगमाएगी रामनगरी, होगा भव्य दीपोत्सव का आयोजन

दीपोत्सव के दौरान तय लक्ष्य को पूरा करने के लिए इस बार 33 लाख दीपों की व्यवस्था की जा रही है।

Lucknow Desk: इस बार अयोध्या में 10वां दीपोत्सव मनाया जाने वाला है, जिसकी तैयारियां पहले से ही जोरों पर हैं। 100 ड्रोन शो के साथ इतिहास रचने की तैयारी है। इस बार मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में अयोध्या में दीपोत्सव कराया जा रहा है। तैयारियों में पुलिस प्रशासन की तैयारियां भी जोरों पर दिखाई दे रही हैं। वहीं उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम लिमिटेड ने देश-दुनिया से अयोध्या आने वाले भक्तों और पर्यटकों के लिए अच्छे ओर बढ़िया ‘दीपोत्सव अयोध्या’ टूर पैकेज तैयार किया है।

सरयू घाटों पर सफाई अभियान तेज

दीपोत्सव को लेकर सरयू नदी के घाटों पर साफ-सफाई का काम तेजी से कराया जा रहा है। इस बार रामनगरी के 56 घाटों पर 30 लाख दीप जलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। घाटों की सफाई पूरी होने के बाद दीप रखने के लिए जगहों की मार्किंग की जाएगी। इसके साथ ही दीपों की सजावट, स्वयंसेवकों की तैनाती और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। दीपोत्सव की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत के लिए शुक्रवार को भूमि पूजन किया जाएगा।

30 लाख के बजाय मंगाए जाएंगे 33 लाख दीप

दीपोत्सव के दौरान तय लक्ष्य को पूरा करने के लिए इस बार 33 लाख दीपों की व्यवस्था की जा रही है। आयोजन के नोडल अधिकारी और डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के प्रोफेसर संत शरण मिश्र ने बताया कि दीपों को लाने और घाटों पर बिछाने के दौरान कई दीप टूट जाते हैं। ऐसे में निर्धारित लक्ष्य पूरा करने में परेशानी हो सकती है। इसी को देखते हुए तीन लाख अतिरिक्त दीपों का इंतजाम किया जा रहा है।

दीपोत्सव में इस्तेमाल होने वाली सामग्री नगर निगम के रानी हो पार्क के पास रखवाई जा रही है, जिससे जरूरत के अनुसार सामान उपलब्ध कराया जा सके। राम की पैड़ी से लेकर चौधरी चरण सिंह घाट और भजन संध्या स्थल समेत 56 घाटों पर दीप सजाने की तैयारी है। सभी घाटों पर दीपों को व्यवस्थित ढंग से लगाने के लिए माइक्रो-प्लानिंग की जा रही है।

आयोजन से जुड़े अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार चौधरी के अनुसार, इस बार चार वर्ग फीट के ब्लॉक चिह्नित किए जा रहे हैं। इससे दीपों को एक निश्चित क्रम में सजाने और घाटों को पहले से अधिक आकर्षक रूप देने में मदद मिलेगी।

दीपोत्सव में तैनात होंगे हजारों स्वयंसेवक

दीपोत्सव को सफल बनाने के लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती की तैयारी की जा रही है। आयोजन में करीब 35 हजार वालंटियर शामिल किए जाने की योजना है। इनमें 30 डिग्री कॉलेजों, 40 इंटर कॉलेजों और अवध विश्वविद्यालय परिसर के विद्यार्थियों की भागीदारी संभावित है।

साकेत विश्वविद्यालय, राजकरण वैदिक पाठशाला इंटर कॉलेज, साहबदीन सीताराम इंटर कॉलेज, मनोहर लाल इंटर कॉलेज, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, शिव सावित्री महाविद्यालय, कैनोसा इंटर कॉलेज, ग्रामर इंटरनेशनल स्कूल, एमआर जयपुरिया स्कूल, बीएस गर्ल्स डिग्री कॉलेज और भगवान आशा बख्श सिंह महाविद्यालय समेत कई शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी आयोजन में सहयोग करेंगे।

दीपों की सजावट से लेकर स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियां तय करने तक, तैयारियों को योजनाबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। 30 लाख दीपों से जगमगाने वाली रामनगरी में इस बार भी भव्य आयोजन की तैयारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button