12 साल से राशन कार्ड की आस में भटक रहा दिव्यांग, बोला- साहब, परिवार को भूखा मत रहने दीजिए
बांदा के स्योंढ़ा गांव निवासी दिव्यांग ब्रजभूषण 12 वर्षों से राशन कार्ड के लिए संघर्ष कर रहे हैं। आर्थिक तंगी से परेशान होकर घिसटते हुए DM कार्यालय पहुंचे।

Lucknow Desk : सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने के दावों के बीच बांदा से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। जिले के स्योंढ़ा गांव में रहने वाले 100 प्रतिशत दिव्यांग ब्रजभूषण को महज एक राशन कार्ड बनवाने के लिए पिछले 12 वर्षों से संघर्ष करना पड़ रहा है। अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए गुरुवार को वह दोनों पैरों से लाचार होने के बावजूद घिसटते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गए। उनकी हालत और परिवार की बदहाली सुनकर वहां मौजूद लोग भी भावुक हो उठे।
ब्रजभूषण की मांग कोई बड़ी सुविधा या आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि परिवार के लिए दो वक्त के भोजन का इंतजाम करने वाला राशन कार्ड है। उन्होंने बताया कि बीते 12 सालों में कई बार आवेदन किया, ग्राम स्तर के जिम्मेदार लोगों से लेकर सरकारी दफ्तरों तक अपनी फरियाद पहुंचाई, लेकिन हर बार उन्हें निराशा ही हाथ लगी। आर्थिक तंगी का आलम यह है कि दीपावली जैसे त्योहार पर भी उनके घर में आटा तक उपलब्ध नहीं था। मजबूरी में परिवार को पड़ोसियों और आसपास के लोगों से मदद लेकर त्योहार गुजारना पड़ा।
न जमीन है, न पक्का मकान; पेंशन के सहारे चल रहा परिवार
ब्रजभूषण ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि उनके पास न तो खेती के लिए जमीन है और न ही रहने के लिए कोई पक्का मकान। बारिश के दौरान उनका घर भी ढह गया, जिसके बाद अब वह बरसाती के सहारे किसी तरह परिवार के साथ जिंदगी बिता रहे हैं। घर की आमदनी का एकमात्र जरिया दिव्यांग पेंशन है, जिसके तहत मिलने वाले एक हजार रुपये भी नियमित रूप से नहीं मिलते।
उन्होंने व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि गांव में कुछ ऐसे परिवार भी हैं, जिनके पास तीन-तीन राशन कार्ड मौजूद हैं, जबकि वह पिछले कई वर्षों से अपने परिवार के लिए एक कार्ड पाने की गुहार लगा रहे हैं। ब्रजभूषण ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत सौंपकर अपनी दिव्यांगता और आर्थिक स्थिति की जांच कराने के साथ अंत्योदय योजना के तहत लाल राशन कार्ड जारी करने की मांग की।
उनका कहना है कि शारीरिक रूप से दिव्यांग होना उनके परिवार के भोजन का अधिकार छीनने की वजह नहीं बनना चाहिए। वह चाहते हैं कि सरकारी मदद उन तक पहुंचे, ताकि परिवार को दूसरों के सामने हाथ फैलाकर भोजन का इंतजाम न करना पड़े।
फरियाद सामने आते ही मौके पर पहुंचे जिला पूर्ति अधिकारी
जिलाधिकारी कार्यालय में ब्रजभूषण की व्यथा मीडिया के सामने आने के बाद जिला पूर्ति अधिकारी कयामुद्दीन भी उनसे मिलने पहुंचे। उन्होंने जमीन पर बैठकर ब्रजभूषण की समस्याएं सुनीं और राशन कार्ड से संबंधित जरूरी दस्तावेज अपने पास लिए।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि उन्हें इस प्रकरण की जानकारी अभी हुई है। संबंधित कागजात प्राप्त कर लिए गए हैं और जल्द ही राशन कार्ड बनवाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
अब देखना यह होगा कि 12 वर्षों से सरकारी दफ्तरों की चौखट पर उम्मीद लगाए बैठे ब्रजभूषण को इस बार वास्तव में राहत मिलती है या उनकी फरियाद एक बार फिर कागजों तक ही सीमित रह जाती है।



