बेटी लौटाओ… वरना टावर से छलांग लगा दूंगी, कासगंज में मां का हाई-वोल्टेज ड्रामा
कासगंज में बेटी की बरामदगी को लेकर मां का हाई-वोल्टेज प्रदर्शन, टावर पर चढ़कर पुलिस-प्रशासन से लगाई गुहार

Lucknow Desk : कासगंज जनपद की सोरों कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत लाले नगला गांव में आज उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मां अपनी लापता बेटी की बरामदगी की मांग को लेकर एक निजी कंपनी के 30 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर जा चढ़ी। महिला ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नीचे से ही कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी। करीब एक घंटे से ज्यादा चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस टीम ने किसी तरह समझा-बुझाकर महिला को सुरक्षित नीचे उतारा।
वहीं प्रधान मदनलाल के बताया कि महिला की बेटी करीब दो साल पहले संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों ने सोरों कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी पुलिस लड़की का सुराग नहीं लगा सकी। पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज और अपनी बेटी की कोई खबर न मिलने से परेशान होकर मां ने यह खौफनाक कदम उठाया।
बता दें कि महिला के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सोरों पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टावर के नीचे से अधिकारियों ने काफी देर तक महिला को समझाया और उसकी बेटी को जल्द तलाशने का ठोस आश्वासन दिया, तब जाकर महिला नीचे उतरने को राजी हुई।
टावर से सुरक्षित नीचे उतारे जाने के बाद पीड़ित मां ने मांग की है कि उसकी बेटी को जल्द से जल्द बरामद किया जाए और पिछले दो सालों से मामले में ढिलाई बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच नए सिरे से शुरू कर दी है।


