लखनऊ में डेंगू का बढ़ता खतरा, छह इलाकों में मरीजों की संख्या ने बढ़ाई चिंता
विभाग की 27 टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों के स्वास्थ्य और आसपास के वातावरण की जांच कर रही हैं।

Lucknow Desk: लगातार लखनऊ में डेंगू के मामलों ने रफ्तार पकड़ ली है। रोज नए केस सामने आ रहे है। नए मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। राजधानी के कई रिहायशी इलाकों में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। खासतौर पर इंदिरानगर, चंदननगर, अलीगंज, चिनहट, ऐशबाग और रेडक्रॉस क्षेत्र डेंगू के लिहाज से संवेदनशील बने हुए हैं। इन इलाकों में मरीजों की संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और बचाव अभियान तेज कर दिया है।
सोमवार को जिले में डेंगू के 21 नए मरीज मिलने से स्वास्थ्य महकमे में हलचल बढ़ गई। इनमें सबसे अधिक छह मरीज इंदिरानगर में मिले। वहीं चंदननगर में चार और अलीगंज में तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके अलावा चिनहट और रेडक्रॉस इलाके में दो-दो नए मरीजों की पुष्टि हुई। बाकी मरीजों के संबंध में विभागीय स्तर पर निगरानी की जा रही है।
संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जमीनी स्तर पर अभियान शुरू किया है। विभाग की 27 टीमें घर-घर पहुंचकर लोगों के स्वास्थ्य और आसपास के वातावरण की जांच कर रही हैं। अभियान के तहत अब तक 2269 घरों का सर्वेक्षण किया जा चुका है। टीमों को विशेष रूप से घरों में जमा पानी, कूलर, गमलों और अन्य स्थानों पर मच्छरों के पनपने की आशंका की जांच करने की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने के साथ जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। विभाग की ओर से दवाइयां, क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस पैकेट वितरित किए गए हैं। वहीं आपात स्थिति से निपटने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा को 24 घंटे अलर्ट रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की अपील है कि लोग घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा बुखार होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।



