Sultanpur : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसे में लोकगायक देवेंद्र उपाध्याय के बेटे गौरव की मौत, परिवार में मचा कोहराम
भीषण सड़क हादसे में लोकगायक देवेंद्र उपाध्याय के बेटे गौरव की दर्दनाक मौत, परिवार में शोक

Lucknow Desk : सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोकगायक देवेंद्र उपाध्याय के 22 वर्षीय बेटे गौरव उपाध्याय की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
गौरव उपाध्याय दोस्तपुर थाना क्षेत्र के बबुरीपुर गांव के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्तों के साथ लखनऊ से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 91.600 के पास किसी वजह से उनकी गाड़ी रुकी। जैसे ही गौरव वाहन से नीचे उतरे, पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तुरंत दोस्तपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया। बाद में बेहतर इलाज के लिए महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज, टांडा भेजा गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
गौरव की मौत की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव और आसपास के इलाके में भी इस घटना से गहरा दुख है। बड़ी संख्या में लोग परिवार को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ट्रक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।



