उत्तर प्रदेश

Chandauli : नौगढ़ में शाम होते ही गरजीं गोलियां, दो वारदातों से मचा हड़कंप, दुकानदार घायल

नौगढ़ में कुछ ही घंटों के अंतराल में फायरिंग की दो घटनाओं से दहशत का माहौल, एक मामले में मोबाइल दुकानदार को लगी गोली, जबकि शराब की दुकान पर विवाद के दौरान हवाई फायरिंग का आरोप

Lucknow Desk : जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम फायरिंग की दो अलग-अलग घटनाओं से इलाके में हड़कंप मच गया। करीब दो घंटे के अंतराल में हुई इन घटनाओं ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली घटना में पुराने विवाद को लेकर एक मोबाइल दुकानदार को गोली मारकर घायल कर दिया गया, जबकि दूसरी घटना में शराब की दुकान पर विवाद के दौरान हवाई फायरिंग किए जाने का आरोप है।

जानकारी के मुताबिक, पहली वारदात भरदुआ राजवाहा पुल के पास हुई। यहां ग्राम मझगवां निवासी मोबाइल दुकानदार दैवज्ञ विश्वकर्मा पर कथित तौर पर गोली चला दी गई। गोली लगने के बाद वह घायल होकर गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही नौगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दुकानदार को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही वारदात के पीछे की वजह और हमलावरों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर घटना को पुराने विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।

इसी दौरान क्षेत्र में दूसरी फायरिंग की घटना सामने आई। शाम करीब छह से सात बजे के बीच मझगाईं स्थित देसी शराब की दुकान पर किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि यहां बैठने को लेकर अधिवक्ता अजीत कुमार के साथ कुछ लोगों ने गाली-गलौज की। विवाद बढ़ने के दौरान हवाई फायरिंग किए जाने का आरोप है।

गोली चलने की आवाज सुनकर शराब की दुकान और आसपास के इलाके में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई।

नौगढ़ क्षेत्र में एक ही शाम फायरिंग की दो घटनाओं के सामने आने के बाद पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग जांच कर रही है। अधिकारियों की ओर से घटनाओं से जुड़े लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देने की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों घटनाओं को लेकर क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button