
किश्तवाड़। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) की हत्या के बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने आतंकियों की तलाश तेज कर दी है। जिला पुलिस ने तीन सक्रिय आतंकियों की तस्वीरों वाला पोस्टर जारी कर उनकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले को कुल 30 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिस ने कहा है कि सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पोस्टर में मोहम्मद अमीन उर्फ जहांगीर, रियाज अहमद उर्फ हजारी और मुदस्सिर हुसैन के नाम और तस्वीरें हैं। पुलिस ने चेकपॉइंट्स पर भी पोस्टर लगाए हैं।
दच्छन के दुर्गम इलाके में मिले एसपीओ के शव
अधिकारियों के मुताबिक, बुधवार से लापता दोनों एसपीओ के शव गुरुवार सुबह किश्तवाड़ के दूरदराज दच्छन इलाके में मिले। दोनों के शरीर पर गोलियों के निशान थे। मृतकों की पहचान 57 वर्षीय बाबी चंद और 45 वर्षीय रशपाल कुमार के रूप में हुई है। वे स्थानीय पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) में तैनात थे और दच्छन के कियार गांव में उनकी पोस्टिंग थी।
सेना की पोस्ट जाते समय हुए थे लापता
अधिकारियों के अनुसार, बुधवार को दोनों जवान अपने कैंप से धरना-मरवाह स्थित सेना की पोस्ट की ओर जा रहे थे, तभी वे लापता हो गए। उनकी ड्यूटी रोटेशन के आधार पर 17 राष्ट्रीय राइफल्स के धरना कैंप में लगाई गई थी।
दोनों के शव बरामद हो गए हैं, लेकिन उनकी सर्विस राइफलें नहीं मिलीं। जिस इलाके में वे लापता हुए थे, उसे आतंकियों के प्रभाव वाला क्षेत्र बताया गया है। सुरक्षाबल जारी जांच के तहत आतंकियों और हथियारों की तलाश कर रहे हैं।
यह भी पढ़े : ‘मोदी मेरा फोन टैप करवा रहें’, राहुल गांधी ने लगाया प्रधानमंत्री पर बड़ा आरोप



