
नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रदर्शन करने पर रोक लगाए जाने के बाद भी सीजेपी के कार्यकर्ताओं ने बिना अनुमति विरोध प्रदर्शन किया। जबरन प्रोटेस्ट करने पर दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई करते हुए सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिया। दोनों को पांच दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
बता दें कि बीते 12 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस ने विरोध प्रदर्शन और रैली को लेकर एक नया आदेश जारी किया था। इस आदेश में जंतर-मंतर को छोड़कर तीन नए स्थानों पर विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति दी गई थी। लेकिन सीजेपी के कार्यकर्ताओं ने आदेश को दरकिनार करते हुए बिना अनुमति लिए ही मंगलवार को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया।
दिल्ली पुलिस ने सीजेपी कार्यकर्ताओं पर कानूनी कार्रवाई करते हुए सौरव दास, आजिक्य और आशुतोष रांका को गिरफ्तार कर लिया। आज सुबह एसईएम कोर्ट में सभी को पेश किया गया। जहां, आजिंक्य शिंदे को रिहा कर दिया गया और सौरव और आशुतोष को 5 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सीजेपी की कानून प्रमुख रत्ना सिंह ने दिल्ली पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रही है। उन्होंने ये भी दावा किया कि पुलिस ने हिरासत में लिए गए दोनों कार्यकर्ताओं को करीब 24 घंटे तक सीजेपी के वकीलों से मिलने तक नहीं दिया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों को विरोध करने से जबरन रोका जा रहा है, जो कि गलत है।



