उत्तर प्रदेश

SBI का ATM बना ‘बेडरूम’! AC की ठंडक में गहरी नींद सोता मिला शख्स

घटना का वीडियो सामने आने के बाद बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, लोग पूछ रहे हैं ATM में कोई कैसे पहुंचा?

Lucknow Desk : सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है। कहते हैं कि खाली पेट इंसान से कुछ भी करवा सकता है, लेकिन इस समय पड़ रही भीषण गर्मी भी लोगों को ऐसे कदम उठाने पर मजबूर कर रही है। वायरल वीडियो में एक युवक SBI के ATM के अंदर लगे दो AC की ठंडी हवा में आराम से सोता हुआ नजर आ रहा है। वह इतनी गहरी नींद में था कि कांच का दरवाजा होने के बावजूद उसे सुबह होने का भी पता नहीं चला। शुक्रवार सुबह जब कुछ लोग ATM से पैसे निकालने पहुंचे तो उन्होंने युवक को अंदर सोता देखा। इसके बाद किसी ने उसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो मऊ जिले के भीटी चौकी क्षेत्र में स्थित SBI ATM का है। वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज गर्मी से परेशान होकर युवक ATM के अंदर चला गया। अंदर AC की ठंडी हवा मिलने पर उसने वहीं फर्श पर लेटकर आराम करना शुरू कर दिया। वह ATM मशीन के सामने ही गहरी नींद में सो गया। पैसे निकालने आए एक व्यक्ति ने उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर खूब देखा और शेयर किया जा रहा है।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे गर्मी से बचने का देसी जुगाड़ बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं। यह ATM जीवन राम इंटर कॉलेज के सामने स्थित है, जो शहर का व्यस्त इलाका माना जाता है। वीडियो में कहीं भी कोई सुरक्षा गार्ड नजर नहीं आता, जिससे लोगों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।

फिलहाल मऊ पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लिया है और सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। कई लोग मजाक में कह रहे हैं कि युवक ने गर्मी से बचने के लिए ATM को ही अपना ठिकाना बना लिया।

मामले पर मऊ के सीओ सिटी नीतीश कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है। शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि युवक तेज गर्मी से बचने के लिए AC चल रहे ATM के अंदर जाकर लेट गया था। वीडियो में उसकी कोई संदिग्ध हरकत या चोरी करने की कोशिश दिखाई नहीं दे रही है। वह केवल वहां आराम करता हुआ नजर आ रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button