उत्तर प्रदेश

Agra : कांवड़ लेकर लौट रहे शिवभक्तों पर टूटा कहर, सड़क हादसे में एक की गई जान

सोरों-कासगंज मार्ग पर बाइक अनियंत्रित होकर पिकअप से भिड़ी, दो कांवड़िए घायल।

Lucknow Desk : आगरा के कांवड़ियों के एक जत्थे के साथ कासगंज में दर्दनाक हादसा हो गया। कांवड़ यात्रा के दौरान बाइक के अनियंत्रित होकर पिकअप वाहन से टकराने से एक कांवड़िए की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, आगरा कमिश्नरेट क्षेत्र के करीब 4-5 गांवों से 32 कांवड़ियों का एक जत्था कासगंज के कछला गंगा घाट से जल लेने पहुंचा था। यह जत्था एक पिकअप वाहन, पांच मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी से कछला घाट आया था।

गंगा घाट से जल भरने के बाद सभी कांवड़िए अपने घर आगरा लौट रहे थे। इसी दौरान सोरों-कासगंज मार्ग पर जत्थे में शामिल एक बाइक हादसे का शिकार हो गई। बाइक पर अभिषेक पुत्र उमाशंकर (ग्राम खोहरी, थाना खेड़ा राठौर, आगरा), मनीष पुत्र विनोद (शंकरपुर, थाना बाह, आगरा) और राहुल पुत्र रामबरन (हरलालपुर, थाना बाह, आगरा) सवार थे।

बताया जा रहा है कि बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और आगे चल रहे अपने ही जत्थे के पिकअप वाहन में पीछे से जा टकराई। टक्कर के बाद तीनों बाइक सवार घायल हो गए। साथ चल रहे कांवड़ियों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में इलाज के दौरान बाइक चला रहे मनीष की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक के शरीर पर कोई गंभीर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं। वहीं घायल अभिषेक को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दूसरे घायल राहुल को पेट में दर्द की शिकायत के बाद बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर किया गया है।

घटना की जानकारी मृतक के परिवार को दे दी गई थी। सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद इलाके में स्थिति सामान्य है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनी हुई है और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button