गाजियाबाद पहुंचे शिवपाल यादव, बीजेपी पर साधा निशाना, कांग्रेस से गठबंधन पर भी दिया बड़ा बयान
शिवपाल यादव ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी बीजेपी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जनता इन मुद्दों को लेकर परेशान है और चुनाव में सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया विपक्ष की आवाज नहीं दिखाती और केवल बीजेपी का प्रचार करती है।

Lucknow Desk : समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी पूरी तरह तैयार है। गाजियाबाद में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा और कहा कि यह अब तक की सबसे झूठी और बेईमान सरकार है।
कांग्रेस के साथ संभावित गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ही बड़े भाई की भूमिका में है। उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर अंतिम फैसला समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष करेंगे। हालांकि उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों दलों के बीच चुनावी गठबंधन हो सकता है।
राम मंदिर में दान राशि से जुड़े कथित अनियमितता के मामले पर उन्होंने कहा कि अगर इतनी बड़ी चोरी हुई है तो दोषियों को उसी हिसाब से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
शिवपाल यादव ने महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी बीजेपी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जनता इन मुद्दों को लेकर परेशान है और चुनाव में सरकार को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया विपक्ष की आवाज नहीं दिखाती और केवल बीजेपी का प्रचार करती है।
उन्होंने चुनाव प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि मतदाता सूची समय से पहले उपलब्ध होनी चाहिए, लेकिन कई बार यह चुनाव से ठीक पहले जारी होती है। ऐसे में निष्पक्ष चुनाव को लेकर सवाल खड़े होते हैं।
सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि उन्होंने उन्हें कोई धमकी नहीं दी थी। उन्होंने सिर्फ इतना कहा था कि राजभर को किसी अच्छे विशेषज्ञ डॉक्टर को दिखाने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि जब राजभर समाजवादी गठबंधन में थे, तब वह बीजेपी नेतृत्व पर लगातार हमला बोलते थे, लेकिन अब उनके बयान बदल गए हैं।
वक्फ बोर्ड में कथित घोटाले को लेकर मौलाना साबूद्दीन के आरोपों पर शिवपाल यादव ने कहा कि संभवतः उन्हें किसी तरह का लालच दिया गया है, इसलिए वह ऐसे आरोप लगा रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य की व्यवस्था कुछ चुनिंदा नौकरशाहों के भरोसे चल रही है और आम लोगों की सुनवाई नहीं हो रही।



