सपा ने एमएलसी चुनाव में झोंकी ताकत, गोंडा पहुंचे पूर्व मंत्री यासर शाह
देवीपाटन मंडल में चुनावी जिम्मेदारी संभाल रहे यासर शाह ने शिक्षकों से की मुलाकात, संजय त्रिपाठी के समर्थन में मांगे वोट

Lucknow Desk : शिक्षक-स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में सपा के पूर्व मंत्री यासर शाह ने गोंडा का दौरा किया। देवीपाटन मंडल में चुनाव की जिम्मेदारी मिलने के बाद यासर शाह शिक्षकों के बीच पहुंचे और उनसे मुलाकात कर समर्थन मांगा। इस दौरान उन्होंने सपा उम्मीदवार संजय त्रिपाठी के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने का प्रयास किया।
यासर शाह ने कहा कि इस चुनाव में समाजवादी पार्टी का सीधा मुकाबला भारतीय जनता पार्टी से है। उन्होंने कहा कि सपा पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ रही है और पार्टी को उम्मीद है कि इस बार जनता का समर्थन मिलेगा।
मीडिया से बातचीत के दौरान यासर शाह ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बहराइच से चुनावी बिगुल फूंकने और 36 सीटों पर चुनाव लड़ने के दावे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर राजनीतिक दल को चुनाव लड़ने का अधिकार है। हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी का मुख्य मुकाबला भाजपा से है।
दिल्ली में चल रहे विरोध प्रदर्शन को लेकर भी यासर शाह ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह जनता का विरोध प्रदर्शन है और सरकार को लोगों की आवाज सुननी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को लाठी-डंडे का इस्तेमाल करने के बजाय लोगों की समस्याओं को समझना चाहिए। अगर युवा सड़कों पर उतर रहे हैं, तो यह चिंता की बात है और सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए।
वहीं, सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर के संपर्क में सपा विधायकों के होने के सवाल पर यासर शाह ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि राजभर जी के पास अभी एक दर्जन विधायक हैं ही नहीं। जब उनके पास इतने विधायक हो जाएंगे, तब इस बारे में बात की जाएगी।
गोंडा दौरे के दौरान यासर शाह ने सपा प्रत्याशी संजय त्रिपाठी के समर्थन में प्रचार किया और चुनाव में पार्टी की जीत का भरोसा जताया।



