सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल का भाजपा पर हमला, बोले- 2027 में बदलेगा सत्ता का माहौल
PDA सम्मेलन में पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष ने योगी सरकार को बताया सामंतवादी, बुलडोजर कार्रवाई और रोजगार के मुद्दे पर साधा निशाना

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश के गोंडा में PDA सम्मेलन में शामिल होने समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल पहुंचे। कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। सम्मेलन के बाद पाल ने सपा जिलाध्यक्ष के आवास पर पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा।
श्याम लाल पाल ने कहा कि प्रदेश में मौजूदा माहौल इस बात का संकेत दे रहा है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन होगा। उन्होंने दावा किया कि चुनाव के बाद सामाजिक न्याय को प्राथमिकता देने वाली सरकार बनेगी और गोंडा की विधानसभा सीटों पर भी समाजवादी पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी।
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि सीटों का फैसला दोनों दलों का राष्ट्रीय नेतृत्व मिलकर करेगा। जिस क्षेत्र में जिस पार्टी की स्थिति मजबूत होगी, वहां उसी के चुनाव लड़ने की संभावना रहेगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर किसी तरह का संशय नहीं है।
राज्यसभा सीटों पर उद्योगपतियों को टिकट दिए जाने के सवाल पर पाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश को नए उद्योग और रोजगार की आवश्यकता है। उनके मुताबिक प्रदेश में बेरोजगारी एक बड़ा मुद्दा है, इसलिए चर्चा रोजगार और लोकतंत्र जैसे विषयों पर होनी चाहिए।
बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। पाल ने आरोप लगाया कि बुलडोजर की कार्रवाई का असर केवल निर्माणों तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र पर भी पड़ रहा है। उन्होंने विद्यालयों और विश्वविद्यालयों पर कार्रवाई का जिक्र करते हुए इसे प्रदेश और देश के लिए घातक बताया।
सपा प्रदेश अध्यक्ष ने योगी सरकार को सामंतवादी बताते हुए कहा कि आने वाला चुनाव प्रदेश की राजनीतिक दिशा तय करेगा।



