सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर किया प्रहार, कहा : पॉलिटिकल मेकअप के लिए सबसे ज्यादा बजट खर्च कर रही है सरकार
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के बजाय अपनी छवि चमकाने और राजनीतिक प्रचार पर सरकारी धन का सबसे ज्यादा इस्तेमाल कर रही है।

Lucknow Desk : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने देश के शहीदों को नमन करते हुए केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लाखों क्रांतिकारी शहीदों के बलिदान से देश को आजादी मिली और संविधान की मजबूती से ही लोकतंत्र मजबूत होगा। अखिलेश यादव ने कहा कि संविधान की रक्षा और उसे मजबूत करने के लिए वह हर त्याग करने को तैयार हैं। उन्होंने ने कहा कि संविधान है तो स्वतंत्रता और स्वाधीनता है। यदि संविधान कमजोर हुआ तो लोगों की स्वतंत्रता भी छिन जाएगी। उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई में शहीद हुए लोगों के सपनों को पूरा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
सपा अध्यक्ष ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने तिरंगे का सम्मान नहीं किया, वे आज यात्राएं निकाल रहे हैं। उन्होंने भाजपा के राष्ट्रवाद को एकरंगी बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी का राष्ट्रवाद बहुरंगी है, जिसमें देश के सभी वर्गों और समुदायों के लिए सम्मान है। उन्होंने यहां तक कहा कि भाजपा और आजादी एक-दूसरे के विलोम हैं।
अखिलेश यादव ने किसानों की स्थिति को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी किसान सबसे ज्यादा परेशान है। शिक्षा के क्षेत्र में सरकार पर संकट पैदा करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की हालत ऐसी है कि उसे खुद इलाज की जरूरत है। पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि मौजूदा सरकार में पुलिस व्यवस्था सबसे खराब स्थिति में पहुंच गई है। उन्होंने सरकार के बजट और विकास कार्यों पर भी सवाल उठाए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि सरकार पॉलिटिकल मेकअप के लिए सबसे ज्यादा बजट खर्च कर रही है। उन्होंने कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए दावा किया कि पहली बरसात में ही सड़क ढह गई। उनके मुताबिक करीब 63 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे की लागत चार हजार करोड़ रुपये से ज्यादा है।महिला आरक्षण के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि महिला विधेयक को 2027 में लागू किया जाए, समाजवादी पार्टी इसके लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व के साथ आर्थिक रूप से मजबूत करना भी जरूरी है। अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर समाजवादी पेंशन योजना फिर शुरू करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि माताओं और बहनों को सालाना 40 हजार रुपये देने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजादी का वास्तविक अर्थ तभी पूरा होगा, जब किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों को सम्मान, अवसर और सुरक्षा मिले। बहरहाल स्वतंत्रता दिवस के मंच से अखिलेश यादव का यह बयान 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के राजनीतिक एजेंडे और सरकार के खिलाफ उसके हमले की दिशा को भी स्पष्ट करता नजर आ रहा है,अब देखने वाली बात यह होगी कि उनके बयान से जनता कितना इत्तेफाक रखती है।



