Ambedkar Nagar : सपा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, बोलीं- जनता हर वर्ग में परेशान
जलालपुर में पीडीए महापंचायत के दौरान सपा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर ने भाजपा सरकार पर लगाए आरोप, कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव की तैयारी में जुटने का किया आह्वान

Lucknow Desk : अंबेडकर नगर जिले के जलालपुर क्षेत्र में आयोजित पीडीए महापंचायत में समाजवादी पार्टी की महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और प्रदेश की जनता कई समस्याओं से जूझ रही है।
पंथीपुर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीमा राजभर ने कहा कि जलालपुर के प्रभारी मंत्री ओमप्रकाश राजभर का समाज और बिरादरी से कोई खास जुड़ाव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री केवल अपने राजनीतिक लाभ के लिए सत्ता से जुड़े रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश राजभर ने अपनी बिरादरी के लिए कोई बड़ा काम नहीं किया है, बल्कि केवल लोगों का इस्तेमाल किया है।
सीमा राजभर ने भाजपा सरकार पर महिलाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस सरकार में महिलाओं को सम्मान नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता से बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन जमीन पर उन वादों का असर दिखाई नहीं देता। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से समाज का हर वर्ग परेशान है और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में आम जनता अधिकारियों की मनमानी से परेशान है। लोगों की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। सरकारी कार्यालयों में आम लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे समाजवादी पार्टी की नीतियों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाएं।
सपा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को जवाब देगी और समाजवादी पार्टी को मजबूत समर्थन मिलेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने और पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान कई सपा नेताओं ने भी अपने विचार रखे। पूर्व विधायक सुभाष राय, पूर्व एमएलसी हीरालाल यादव, विशाल वर्मा, राजेश सिंह, कमर हयात, जिला अध्यक्ष जंग बहादुर यादव, महिला जिला अध्यक्ष सीमा यादव सहित कई नेताओं ने बैठक को संबोधित किया।
इस दौरान अखिलेश यादव, केशव पटेल, अभिषेक सिंह, आलोक यादव, कपिल देव राजभर, डॉ. राजेंद्र प्रसाद चौधरी, आसाराम चौधरी, सत्य प्रकाश यादव, अंकुश वर्मा और धर्मेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पीडीए महापंचायत के माध्यम से सपा नेताओं ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भरने का प्रयास किया। नेताओं ने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत कर जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।



