गंगा की लहरों पर गूंजेगा भारत का शौर्य, PM मोदी के अभिनंदन को काशी तैयार
गंगा आरती के साथ ‘मेक इन इंडिया’ का संकल्प, PM मोदी के लिए गंगा तट पर हुई विशेष प्रार्थना

Lucknow Desk : वाराणसी के सामने घाट पर शनिवार को नमामि गंगे और काशीवासियों ने मिलकर मां गंगा की भव्य आरती की। इस दौरान पूरा घाट ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंज उठा। डमरुओं की थाप और फूलों की वर्षा ने कार्यक्रम को खास बना दिया।
इस आयोजन का उद्देश्य देश की समृद्ध संस्कृति और आधुनिक सैन्य शक्ति के संगम को प्रदर्शित करना था। मां गंगा की आरती के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर काशीवासियों ने अपनी आस्था और उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम में मां गंगा के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के साथ ही देश की एकता, संस्कृति और विकास का संदेश दिया गया। गंगा तट पर भक्तिमय माहौल के बीच लोगों ने भारत की शक्ति और गौरव को दर्शाने वाले इस आयोजन में हिस्सा लिया।
नमामि गंगे के इस कार्यक्रम ने काशी की धार्मिक परंपरा और देश के प्रति सम्मान की भावना को एक साथ प्रस्तुत किया। हर-हर महादेव के उद्घोष के बीच मां गंगा से देश की सुख-समृद्धि और निरंतर प्रगति की कामना की गई।
25 अक्टूबर, रविवार को होने वाले एयर शो के मुख्य कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने को देखते हुए नमामि गंगे ने विशेष आयोजन किया। राजेश शुक्ला के नेतृत्व में सामने घाट पर मां गंगा की आरती की गई और श्री काशी विश्वनाथ व मां गंगा से प्रार्थना की गई कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत का हर क्षेत्र में विकास हो।
मां गंगा की आरती के दौरान राष्ट्रध्वज तिरंगा, स्वदेशी तकनीक से बने तेजस , ध्रुव और प्रचंड हेलीकॉप्टर व पीएम मोदी की तस्वीर शामिल करके ‘मेक इन इंडिया’ के संकल्प को जीवंत कर रहे आयोजन के प्रति आभार जताया । गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने कहा कि मां गंगा की लहरों के ऊपर आसमान में भारतीय वायुसेना का भव्य मेगा एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ राष्ट्र की सैन्य शक्ति और शौर्य का एक अभूतपूर्व प्रदर्शन है।
भारतीय वायुसेना के विमानों ने अपनी गर्जना से पूरी काशी को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया है। इस एयर शो में भारतीय वायुसेना के बेड़े के 20 से अधिक विमान हिस्सा ले रहे हैं, जिसमें स्वदेशी तकनीक से बने तेजस, ध्रुव और प्रचंड हेलीकॉप्टर अपनी ताकत का प्रदर्शन कर ‘,मेक इन इंडिया’ के संकल्प को जीवंत कर रहे हैं।
भारत में स्वदेशी तकनीक से बने हेलीकॉप्टरों का विकास और उनका प्रदर्शन ‘आत्मनिर्भर और विकसित भारत’ की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम है।



