उत्तर प्रदेश

सोनभद्र की रॉबर्ट्सगंज सीट का अनोखा चुनावी इतिहास, आज तक नहीं बनी कोई महिला विधायक

इस सीट पर महिलाओं ने भी चुनाव में अपनी दावेदारी पेश की है, लेकिन उन्हें अब तक जीत नहीं मिल सकी। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी समृद्धि कुशवाहा ने चुनाव लड़ा था।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश में महिला सशक्तीकरण और राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की बातें तो खूब होती हैं, लेकिन सोनभद्र की रॉबर्ट्सगंज विधानसभा सीट की कहानी कुछ अलग है। इस सीट पर पिछले करीब सात दशकों से चुनाव हो रहे हैं। इस दौरान कई राजनीतिक दलों के उम्मीदवार विधायक बने, लेकिन आज तक कोई महिला प्रत्याशी जीत हासिल नहीं कर सकी।

रॉबर्ट्सगंज विधानसभा सीट का इतिहास बताता है कि यहां अब तक पुरुष उम्मीदवारों का ही दबदबा रहा है। कई महिला प्रत्याशियों ने चुनाव मैदान में उतरकर अपनी किस्मत आजमाई, लेकिन किसी को भी विधानसभा पहुंचने का मौका नहीं मिला।

1957 से शुरू हुआ चुनावी सफर
रॉबर्ट्सगंज विधानसभा सीट का चुनावी इतिहास 1957 से शुरू होता है। शुरुआती समय में यह अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित दो सदस्यीय सीट हुआ करती थी। उस समय एक ही चुनाव में दो विधायक चुने जाते थे। 1957 के चुनाव में आनंद ब्रह्म शाह और शोभनाथ ने जीत दर्ज की थी।

इसके बाद 1962 में रामनाथ पाठक, 1967 में आर. नारायण और 1969 में सूबेदार विधायक बने। 1974 और 1977 के विधानसभा चुनाव में सूबेदार प्रसाद ने लगातार जीत हासिल की।

कई नेताओं ने लगातार दर्ज की जीत
1980 और 1985 के चुनाव में कल्लू राम रत्नाकर ने इस सीट का प्रतिनिधित्व किया। इसके बाद तीरथ राज ने 1989, 1991 और 1993 में लगातार तीन चुनाव जीतकर अपनी मजबूत राजनीतिक पकड़ बनाई।

1996 के विधानसभा चुनाव में हरिप्रसाद उर्फ घमड़ी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीतकर विधानसभा पहुंचे।

इसके बाद 2002 में परमेश्वर दयाल, 2007 में सत्यनारायण जैसल और 2012 में अविनाश कुशवाहा विधायक चुने गए। वहीं, 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के भूपेश चौबे ने जीत हासिल की।

महिला प्रत्याशियों ने भी आजमाई किस्मत
इस सीट पर महिलाओं ने भी चुनाव में अपनी दावेदारी पेश की है, लेकिन उन्हें अब तक जीत नहीं मिल सकी। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी समृद्धि कुशवाहा ने चुनाव लड़ा था। उन्हें कुल 1,185 वोट मिले थे। हालांकि, किसी महिला उम्मीदवार को जीत नहीं मिलने का सिलसिला आज तक जारी है।

आखिर कब मिलेगा रॉबर्ट्सगंज को पहला महिला विधायक?
रॉबर्ट्सगंज सीट का चुनावी इतिहास कई सवाल खड़े करता है। जब देश और प्रदेश में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है, तब इस सीट से आज तक किसी महिला का विधायक नहीं बन पाना चर्चा का विषय है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button