उत्तर प्रदेश

Amroha : दिनदहाड़े सूने घर पर चोरों का धावा, CCTV में कैद हुए तीन संदिग्ध, पुलिस तलाश में जुटी

गजरौला की साकेत कॉलोनी में वारदात, बेटी की तबीयत खराब होने पर घर से बाहर गई थी महिला; CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

Lucknow Desk : अमरोहा के गजरौला थाना क्षेत्र की साकेत कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। यहां चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए ताला तोड़कर घर में रखी नकदी और लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी की पूरी वारदात पड़ोसी के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें तीन संदिग्ध चोर दिखाई दे रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, साकेत कॉलोनी निवासी अमरपाल सिंह चौहान एक फैक्ट्री में काम करते हैं। बुधवार दोपहर वह अपनी ड्यूटी पर गए हुए थे। इसी दौरान उनकी आठ वर्षीय बेटी की अचानक तबीयत खराब हो गई। बेटी को इलाज के लिए अमरपाल की पत्नी रश्मि डॉक्टर के पास चली गईं। घर पर ताला लगा होने का फायदा उठाकर चोरों ने मकान को अपना निशाना बना लिया। चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और घर के अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने कमरों में रखी अलमारियों और सामान को खंगाला और नकदी व सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए।

कुछ देर बाद जब रश्मि अपनी बेटी के साथ वापस घर पहुंचीं तो मुख्य दरवाजे का टूटा हुआ ताला देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर जाकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि नकदी और जेवर गायब हैं। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही गजरौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर में हुई चोरी की जानकारी जुटाई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी। पड़ोसी के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरी की पूरी घटना कैद हो गई है। फुटेज में तीन संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा करने का दावा किया है। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से कॉलोनी के लोगों में भी चिंता का माहौल है। लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button