Shahjahanpur : पुवायां में चला यातायात जागरूकता अभियान, हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने वालों के साथ पुलिस ने खिंचवाई तस्वीर
ट्रैफिक पुलिस का अनोखा जागरूकता अभियान, नियम मानने वालों को फूल और सेल्फी, लापरवाह चालकों को समझाइश

Lucknow Desk : लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में ट्रैफिक पुलिस ने अलग तरीके से अभियान चलाया। पुवायां तहसील में आयोजित इस अभियान के दौरान नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को पुलिस ने फूल देकर सम्मानित किया। हेलमेट पहनकर बाइक चलाने वालों के साथ पुलिसकर्मियों ने सेल्फी भी ली।
अभियान का उद्देश्य लोगों को यह समझाना था कि सड़क पर थोड़ी सी सावधानी बड़े हादसे को रोक सकती है। ट्रैफिक पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनकर चलने और कार समेत अन्य चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने की अपील की।
अभियान के दौरान जिन लोगों ने हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल किया, उन्हें पुलिस की ओर से फूल दिया गया। अधिकारियों ने ऐसे वाहन चालकों के साथ फोटो भी खिंचवाए, ताकि यातायात नियमों का पालन करने वालों का उत्साह बढ़े।
वहीं, नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों को पुलिस ने समझाइश दी। उनकी गाड़ियों पर यातायात नियमों के पालन से संबंधित स्टिकर लगाए गए और आगे से सावधानी बरतने के लिए कहा गया।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क हादसों में कई बार लापरवाही की वजह से लोगों की जान चली जाती है। हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल हादसे के दौरान गंभीर चोट से बचाने में मदद कर सकता है।
पुवायां में हुए इस अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस के सीओ और अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे खुद यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करें। पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा के लिए नियमों का पालन करना हर वाहन चालक की जिम्मेदारी है।



