उत्तर प्रदेश

‘डूबते जहाज पर सवार होने का लाभ क्या है’, उदयराज वर्मा ने छोड़ी बसपा

उदयराज वर्मा सुल्तानपुर में बसपा के प्रमुख नेताओं में गिने जाते रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें सुल्तानपुर सीट से उम्मीदवार बनाया था।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश की सुल्तानपुर राजनीति में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को झटका लगा है। 2024 के लोकसभा चुनाव में मेनका गांधी के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले उदयराज वर्मा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे पार्टी के सभी पदों के साथ प्राथमिक सदस्यता भी छोड़ दी। उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

हालांकि, अपने इस्तीफे में उदयराज वर्मा ने व्यक्तिगत और पारिवारिक व्यस्तताओं को वजह बताया है, लेकिन जाते-जाते उनका एक बयान राजनीतिक चर्चा का विषय बन गया। उन्होंने कहा, ‘डूबते जहाज पर सवार होने का लाभ क्या है। जेन-जी अब जाग चुका है और मैं जनप्रतिनिधि से पूर्व जेन-जी हूं।’ उनके इस बयान को बसपा की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर तंज माना जा रहा है।

मेनका गांधी के खिलाफ लड़ चुके हैं चुनाव
उदयराज वर्मा सुल्तानपुर में बसपा के प्रमुख नेताओं में गिने जाते रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें सुल्तानपुर सीट से उम्मीदवार बनाया था। इस चुनाव में उनका मुकाबला बीजेपी की वरिष्ठ नेता मेनका गांधी से हुआ था। उदयराज वर्मा को चुनाव में 1,63,025 वोट मिले थे।

इसके अलावा पार्टी ने उन्हें अयोध्या मंडल, जिला संगठन और सदर जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी भी सौंपी थी। ऐसे में उनका इस्तीफा स्थानीय स्तर पर बसपा के लिए अहम माना जा रहा है।

इस्तीफे में बताई ये वजह
पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष को भेजे गए इस्तीफे में उदयराज वर्मा ने कहा कि उन्होंने अपने राजनीतिक सफर के दौरान पूरी ईमानदारी और निष्ठा से संगठन को मजबूत करने का प्रयास किया। साथ ही जनसेवा के लिए भी लगातार काम किया।

उन्होंने बताया कि मौजूदा समय में व्यक्तिगत और पारिवारिक व्यस्तताओं के कारण वह पार्टी और संगठन को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं। ऐसे में अपनी जिम्मेदारियों का ठीक से निर्वहन नहीं कर पाने के चलते उन्होंने सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला किया।

वर्मा ने पार्टी के साथियों का सहयोग और स्नेह देने के लिए आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि भले ही वह संगठन के पदों पर नहीं रहेंगे, लेकिन जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आगे भी बनी रहेगी।

क्या कांग्रेस में शामिल होंगे उदयराज वर्मा?
उदयराज वर्मा के इस्तीफे के बाद उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में उनके कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं।

हालांकि, उदयराज वर्मा ने अभी तक कांग्रेस या किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल होने को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। फिलहाल उनके ‘डूबते जहाज’ वाले बयान ने सुल्तानपुर की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। अब सबकी नजर उनके अगले राजनीतिक कदम पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button