उत्तराखण्ड

उधम सिंह नगर पुलिस का संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ बड़ा अभियान, 94 लाइसेंस जब्त, 119 हथियार जमा

अभियान के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चार अवैध शस्त्र और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं। पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी लाइसेंस तैयार करने और उनके माध्यम से शस्त्र रखने के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है

Lucknow Desk : उधम सिंह नगर पुलिस ने अपराध नियंत्रण और अवैध शस्त्रों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलेभर में संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कुल 108 संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस चिन्हित किए, जिनमें से 94 लाइसेंस अपने कब्जे में लेकर उनसे संबंधित 119 शस्त्र संबंधित थानों में जमा करा दिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि ये संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस बाहरी राज्यों से जारी किए गए थे। उनकी वैधता और प्रक्रिया को लेकर संदेह होने पर विस्तृत सत्यापन शुरू किया गया। इसके लिए जिले में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने कुल 678 शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन किया। जांच के दौरान 94 लाइसेंस संदिग्ध पाए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी जब्त किए गए लाइसेंसों और उनसे जुड़े शस्त्रों की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी लाइसेंस में अनियमितता या फर्जीवाड़ा पाया जाता है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चार अवैध शस्त्र और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं। पुलिस इन आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी लाइसेंस तैयार करने और उनके माध्यम से शस्त्र रखने के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

उधम सिंह नगर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध हथियारों पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी को संदिग्ध शस्त्र या फर्जी लाइसेंस की जानकारी हो तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button