नशे के नेटवर्क पर यूपी सरकार का शिकंजा, तस्करों की गिरफ्तारी के साथ करोड़ों की संपत्ति जब्त
2029 तक उत्तर प्रदेश को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य, 2026 में 23 सितंबर तक 71 तस्करों पर PIT-NDPS Act के तहत कार्रवाई

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की कार्रवाई लगातार तेज होने का दावा किया गया है। सरकार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, कार्रवाई का फोकस केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी और तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों को जब्त कर पूरे नेटवर्क पर आर्थिक दबाव बनाने पर भी है।
डीजीपी राजीव कृष्ण के मुताबिक, प्रदेश को वर्ष 2029 तक नशामुक्त बनाने के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तस्करों के खिलाफ PIT-NDPS Act के तहत निरुद्धीकरण की कार्रवाई में भी तेजी लाई गई है।
2026 में 71 तस्करों पर निरुद्धीकरण की कार्रवाई
आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2024 में प्रदेश में सात मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ PIT-NDPS Act के तहत कार्रवाई की गई थी। इनमें पांच कार्रवाई ANTF की ओर से हुई थीं। वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 19 हुई, जबकि 2026 में 23 सितंबर तक 71 तस्करों के खिलाफ निरुद्धीकरण की कार्रवाई की जा चुकी है।
इन 71 मामलों में से 33 कार्रवाई ANTF की ओर से किए जाने की जानकारी दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, इस प्रावधान का इस्तेमाल ऐसे मामलों में किया जा रहा है जहां नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े लोगों के नेटवर्क पर प्रभावी तरीके से रोक लगाने की आवश्यकता है।
78.5 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त
नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति पर भी कार्रवाई में तेजी का दावा किया गया है। वर्ष 2025 में 29 मामलों में करीब 11 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई थी। वहीं, 2026 में 23 सितंबर तक 88 मामलों में लगभग 78.5 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है।
ANTF के आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2024 में चार मामलों में करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई। वर्ष 2025 में 29 मामलों में करीब 11 करोड़ रुपये और 2026 में 50 मामलों में करीब 10 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्ती की कार्रवाई ANTF ने की।
बड़े तस्करों के नेटवर्क पर कार्रवाई
अभियान के तहत गुरुमेल सिंह, भोला प्रसाद, संजीव राणा, विभोर राणा, शेरमणि पटेल और परमानंद उर्फ पप्पू समेत कई मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ PIT-NDPS Act के तहत कार्रवाई की गई है।
सरकार के मुताबिक, नशे के खिलाफ अभियान में पुलिस और ANTF की संयुक्त कार्रवाई को और मजबूत किया जा रहा है। लक्ष्य तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के साथ-साथ नशीले पदार्थों के कारोबार से अर्जित संपत्ति पर भी कार्रवाई करना है।



