उत्तर प्रदेश

UP Politics: ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर इमरान मसूद का बयान, 2027 चुनाव पर कही बड़ी बात

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने प्रतिक्रिया दी। परिसीमन और महिला आरक्षण पर भी केंद्र को घेरा।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल अभी से तेज होने लगी है। असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के बीच बने नए राजनीतिक गठबंधन को लेकर अब कांग्रेस की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। सहारनपुर से कांग्रेस सांसद और पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष इमरान मसूद ने इस गठबंधन पर अपनी स्थिति साफ करते हुए कहा कि हर राजनीतिक दल को अपनी रणनीति बनाने का अधिकार है। ओवैसी और चंद्रशेखर ने अपना रास्ता चुना है, जबकि कांग्रेस अपने तरीके से चुनावी तैयारी करेगी।

इमरान मसूद के इस बयान को यूपी की आगामी सियासत में नए गठबंधन के संभावित असर से जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन के तहत आगे बढ़ने की तैयारी में हैं। ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की नई राजनीतिक साझेदारी से चुनावी मुकाबले के समीकरण बदलने की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

ओवैसी-चंद्रशेखर को लेकर क्या बोले इमरान मसूद?

कांग्रेस सांसद ने दोनों नेताओं के गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राजनीति में सभी को अपने हिसाब से फैसले लेने की स्वतंत्रता है। उन्होंने कहा, ”वो अपने तरीके से राजनीति कर रहे हैं और उन्होंने अपना गठबंधन बनाया है। उनको उनकी राजनीति मुबारक। इसमें हमारा कोई रोल नहीं है। हम अपने तरीके से काम करेंगे।”

यूपी में सत्ता परिवर्तन के लिए गठबंधन की संभावनाओं पर भी इमरान मसूद ने अपनी बात रखी। उनका कहना था कि सत्ता बदलना इतना आसान काम नहीं है। अगर यह इतना सरल होता तो अब तक प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हो चुका होता। उन्होंने मौजूदा राजनीतिक मुकाबले को बेहद कड़ा बताते हुए कहा कि लड़ाई काफी टाइट है।

महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा

राजनीतिक बयानबाजी के दौरान इमरान मसूद ने महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने और महिला आरक्षण से जुड़े विधायी घटनाक्रम पर उन्होंने सवाल उठाए। जरूरी 361 मतों के आंकड़े से अधिक वोट जुटाने की चर्चाओं पर तंज कसते हुए उन्होंने पूछा कि अब सरकार वोट कहां से जुटाएगी।

कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार दूसरे दलों को तोड़ने और राजनीतिक समर्थन जुटाने के लिए गलत तरीके अपनाती है। उन्होंने महिला आरक्षण कानून और परिसीमन विधेयक के बीच अंतर का मुद्दा उठाते हुए कहा कि महिला आरक्षण के नाम पर परिसीमन से जुड़ा एजेंडा आगे बढ़ाया जा रहा है।

परिसीमन को बताया राजनीतिक दादागिरी

इमरान मसूद ने परिसीमन की प्रक्रिया पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि इसके जरिए निर्वाचन क्षेत्रों का पूरा गणित बदलने की कोशिश की जा रही है। उनका कहना था कि इससे मौजूदा चुनावी क्षेत्रों की संरचना प्रभावित हो सकती है। उन्होंने इस पूरी कवायद को राजनीतिक दादागिरी करार दिया।

इमरान मसूद के इन बयानों से साफ है कि कांग्रेस फिलहाल ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन को लेकर अपनी अलग राजनीतिक रणनीति पर काम करने की बात कह रही है। वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में विपक्षी दलों के बीच तालमेल और नए गठबंधनों का असर आने वाले दिनों में यूपी की सियासत को और दिलचस्प बना सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button