उत्तर प्रदेशक्राइम

यूपी में तीन सड़क हादसे : कुशीनगर में 6 तो बाराबंकी में 3 लोगों की मौत

UP Three road accidents 6 dead in Kushinagar 3 in Barabanki

UP Accident : उत्तर प्रदेश में अलग-अलग सड़क हादसों में कई लोगों की मौत और घायल होने की खबर है। कुशीनगर में कार और ट्रेलर की टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि बाराबंकी में एसयूवी की चपेट में आने से तीन युवकों की जान चली गई। मथुरा में दो बसों और एक कैंटर की टक्कर में कई यात्री घायल हुए।

कुशीनगर में कार-ट्रेलर टक्कर में छह की मौत

कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर थरुआडीह के पास देर रात ओमनी कार और ट्रेलर की टक्कर हो गई। कार में सवार लोग रिश्तेदारी में आयोजित मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे थे। टक्कर में छह लोगों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हुए।

घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। बताया गया है कि मृतकों में एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं। परिवार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव का रहने वाला बताया गया है।

बाराबंकी में दो मोटरसाइकिलों को एसयूवी ने मारी टक्कर

बाराबंकी के रामसनेहीघाट क्षेत्र में रविवार शाम तेज रफ्तार एसयूवी ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। हादसे में अनूप (18), विमलेश (19) और अनिल यादव (17) की मौत हो गई, जबकि गया प्रसाद (17) गंभीर रूप से घायल हो गया। चारों युवक भंडारे में जा रहे थे और बैसनपुरवा गांव के पास सड़क पार कर रहे थे।

इस हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने राजमार्ग पर जाम लगाया और चालक के साथ मारपीट की। पुलिस ने चालक को भीड़ से बचाकर हिरासत में लिया। करीब एक घंटे बाद यातायात बहाल हुआ। घायल किशोर का अस्पताल में उपचार जारी है।

मथुरा में दो बसों और कैंटर की भिड़ंत

मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 101 के पास तड़के करीब 3:15 बजे दो यात्री बसों और कांच से भरे कैंटर की टक्कर हुई। हादसे में कैंटर पलट गया और आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए।

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, नोएडा से आगरा जा रही एक बस ने ओवरटेक करते समय कैंटर को टक्कर मारी। इसके बाद पीछे से आ रही दूसरी बस भी कैंटर से भिड़ गई। पुलिस और एंबुलेंस टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button