दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता से मारपीट, कीटनाशक खिलाने का आरोप, उपचार के दौरान मौत
जालौन में दहेज को लेकर विवाहिता से मारपीट और कीटनाशक खिलाने का आरोप सामने आया है। इलाज के दौरान विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के पिता ने पति, सास और ससुर पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।

Lucknow Desk : जालौन से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आटा थाना क्षेत्र के अकोढ़ी गांव में एक विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के पिता ने उसके पति, सास और ससुर पर दहेज के लिए परेशान करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बेटी को कीटनाशक पदार्थ खिलाया गया। पिता ने पुलिस से मामला दर्ज कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शादी के बाद से ही पति हिरदेश, ससुर परशराम और सास माया देवी अतिरिक्त दहेज में मोटरसाइकिल और सोने की जंजीर की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर दीक्षा के साथ कथित रूप से मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार उसे खाना तक नहीं दिया जाता था।
पिता के मुताबिक 27 सितंबर 2026 को उनकी बेटी से फोन पर बातचीत हुई। इसी दौरान ससुरालीजनों द्वारा उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि इसी दौरान घर में रखा कीटनाशक पदार्थ कथित रूप से उसे खिला दिया गया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।
परिजनों ने दीक्षा को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के पिता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।



