ओमान की खाड़ी में ईरान का सर्विलांस जहाज देखते ही भड़का अमेरिका, मिसाइल से किया नष्ट
US destroyed Iranian surveillance ship in Gulf of Oman

वाशिंगटन। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में ईरान का एक सर्विलांस जहाज को नष्ट कर दिया है। अमेरिका ने यह बयान होमुर्ज जलडमरूमध्य में बढ़ते फिर से तनाव के बीच दिया है। अमेरिका ने ईरान के खिलाफ अपनी नौसैनिक नाकेबंदी सख्त की है, जबकि ईरान ने जलडमरूमध्य के पूर्व में ओमान की खाड़ी और अरब सागर तक अपनी नौसेना की तैनाती की घोषणा की है।
अमेरिकी सेना के मुताबिक, नाव अमेरिकी नौसेना के युद्धपोतों की निगरानी कर रही थी। CENTCOM ने दावा किया कि नाव नष्ट करने से पहले उसमें सवार चालक दल को सुरक्षित निकाल लिया गया और उन्हें उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया जारी है।
ईरान के आरोपों को CENTCOM ने किया खारिज
CENTCOM ने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) पर पिछले सात महीनों में क्षेत्रीय समुद्री मार्गों से गुजरने वाले नागरिक जहाजों और अमेरिकी नौसेना के जहाजों को निशाना बनाने का आरोप लगाया। कमांड ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) में ईरान के राजदूत के उन आरोपों को भी गलत बताया, जिनमें कहा गया था कि अमेरिकी सेना ईरानी नाविकों को धमका रही है।
अमेरिका के अनुसार, नाकेबंदी से जुड़ी जानकारी पेशेवर तरीके से दी गई है और इसका उद्देश्य तेहरान की गतिविधियों को सीमित करना है। CENTCOM ने यह भी कहा कि अमेरिकी बलों और क्षेत्रीय सहयोगियों के सुरक्षा इंतजामों के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य से व्यापारिक जहाजों की आवाजाही जारी है।
होर्मुज के पूर्व में ईरान की नौसैनिक तैनाती
ईरानी सरकारी मीडिया के अनुसार, ईरान की नौसेना ने मंगलवार को नई तैनाती की घोषणा की। यह तैनाती होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में ओमान की खाड़ी से अरब सागर तक फैली है। तेहरान ने कहा कि इसका उद्देश्य समुद्री यातायात और उन गतिविधियों पर निगरानी रखना है, जिन्हें वह शत्रुतापूर्ण मानता है।
ईरानी नौसेना ने जहाजों से अपने इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चालू रखने, अंतरराष्ट्रीय नियमों का पालन करने और सुरक्षित आवाजाही के लिए ईरानी सशस्त्र बलों के साथ समन्वय करने को कहा है। इससे पहले ईरानी अधिकारियों ने दावा किया था कि प्रतिबंधित क्षेत्र से गुजरने की कोशिश कर रहे एक टैंकर में आग लग गई। उनके मुताबिक, टैंकर का ट्रैकिंग सिस्टम बंद था। आग लगने के कारण और नुकसान का विस्तृत ब्योरा उपलब्ध नहीं कराया गया।
ईरानी कमांडर की अमेरिका को चेतावनी
IRGC नौसेना के कमांडर रियर एडमिरल अली ओजमाई ने अमेरिकी सेना को ‘ईंधन तस्कर’ बताया और दावा किया कि अमेरिकी नौसेना तथा उसके विमानवाहक पोत ईरानी बलों की मारक क्षमता की सीमा से दूर रह रहे हैं।
ईरानी सरकारी प्रसारक प्रेस टीवी के मुताबिक, ओजमाई ने चेतावनी दी कि यदि अमेरिकी विमानवाहक पोत होर्मुज जलडमरूमध्य के प्रवेश द्वार के पास आए, तो उन्हें डुबो दिया जाएगा। दोनों देश क्षेत्रीय समुद्री सुरक्षा को लेकर एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। बढ़ते तनाव से खाड़ी क्षेत्र में जहाजों की आवाजाही और समुद्री व्यापार पर जोखिम बढ़ने की आशंका है।



