उत्तर प्रदेश

ABVP से जुड़ी वायरल तस्वीर पर चंद्रशेखर आजाद का बड़ा बयान, बोले: साबित हुआ तो छोड़ दूंगा राजनीति

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनके ABVP से जुड़े होने का दावा पूरी तरह साबित करके दिखाया जाए। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर यह बात सही साबित होती है तो वह राजनीतिक जीवन से संन्यास ले लेंगे।

Lucknow Desk : सोशल मीडिया पर इन दिनों नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को लेकर एक तस्वीर खूब चर्चा में है। इस तस्वीर के आधार पर दावा किया जा रहा है कि चंद्रशेखर आजाद अपने छात्र जीवन में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़े हुए थे। इस दावे ने राजनीतिक गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। अब खुद चंद्रशेखर आजाद ने सामने आकर इस पूरे मामले पर अपनी बात रखी है।

एक न्यूज चैनल को दिए इंटरव्यू में चंद्रशेखर आजाद ने वायरल तस्वीर और ABVP से उनके कथित संबंधों पर खुलकर जवाब दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि कोई व्यक्ति यह साबित कर दे कि वह कभी ABVP से जुड़े थे, तो वह राजनीति छोड़ने के लिए तैयार हैं।

ABVP से संबंध साबित करने की दी चुनौती
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उनके ABVP से जुड़े होने का दावा पूरी तरह साबित करके दिखाया जाए। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि अगर यह बात सही साबित होती है तो वह राजनीतिक जीवन से संन्यास ले लेंगे। वहीं, उन्होंने यह भी कहा कि यदि आरोप लगाने वाले लोग अपना दावा साबित नहीं कर पाते हैं, तो उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।

हालांकि, सांसद ने यह स्वीकार किया कि कॉलेज के दिनों में वह एक छात्र संगठन से जुड़े जरूर थे, लेकिन उन्होंने उस संगठन का नाम बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने इंटरव्यू के दौरान कहा कि इस बारे में जानकारी जुटानी है तो पहले रिसर्च करके आइए।

DAV कॉलेज में पढ़ाई करने गए थे चंद्रशेखर
अपने छात्र जीवन का जिक्र करते हुए चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि वह देहरादून के डीएवी (पीजी) कॉलेज में पढ़ाई करने गए थे। उनका कहना था कि कॉलेज जाने का उनका मकसद शिक्षा हासिल करना था, न कि यह देखना कि कौन सा राजनीतिक दल क्या गतिविधियां कर रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता की इच्छा थी कि वह पढ़-लिखकर जज बनें। इसी वजह से उनका ध्यान पढ़ाई पर था। इंटरव्यू में उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि केवल सोशल मीडिया पर तस्वीर वायरल होने से किसी संगठन से जुड़ाव साबित नहीं हो जाता।

ओवैसी के साथ गठबंधन के बाद तेज हुई चर्चा
दरअसल, यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के बीच गठबंधन की चर्चा के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर ज्यादा उभरकर सामने आया है। वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि चंद्रशेखर आजाद अपने छात्र जीवन में आरएसएस से जुड़े छात्र संगठन ABVP के पदाधिकारी थे।

इस दावे को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग तस्वीर के आधार पर सवाल उठा रहे हैं, तो वहीं चंद्रशेखर आजाद ने इन आरोपों को साबित करने की खुली चुनौती दे दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button