उत्तर प्रदेश

युवती की हालत ने मचाई चिंता, घर से बरामद होने के बाद अस्पताल में इलाज जारी

पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस पहुंची, बेहद कमजोर हालत में मिली युवती, परिवार ने बीमारी को बताया वजह

Lucknow Desk : एक युवती की गंभीर हालत का मामला सामने आने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई। खबर भदोही के ज्ञानपुर नगर की है। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस की मदद से घर का दरवाजा खुलवाया गया, जहां युवती बेहद कमजोर अवस्था में मिली। इसके बाद उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, युवती पिछले कई महीनों से घर से बाहर दिखाई नहीं दी थी। सोमवार को कुछ लोगों को उसकी स्थिति की जानकारी हुई तो उन्होंने घर जाकर हालात देखने की कोशिश की। दरवाजा बंद मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। डायल 112 की टीम की मौजूदगी में घर में प्रवेश किया गया, जिसके बाद युवती को घर की छत से बरामद किया गया।

वहां मौजूद लोगों के अनुसार, युवती की हालत काफी खराब थी। वह बेहद कमजोर नजर आ रही थी और खाने-पीने की मांग कर रही थी। उसके शरीर पर गंदे कपड़े थे। कुछ लोगों ने उसके साथ लंबे समय तक बंधे रहने और प्रताड़ना के आरोप भी लगाए हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, युवती का वजन और मांसपेशियां काफी कम हो गई हैं। उसे खून चढ़ाया जा रहा है और शरीर में कमजोरी के साथ संक्रमण के लक्षण भी बताए गए हैं। डॉक्टरों के अनुसार, युवती ने करीब डेढ़ महीने से खाना नहीं मिलने की बात कही है। हालांकि, इस दावे की भी जांच की जा रही है।

वहीं, युवती के पिता ने किसी तरह की मारपीट या प्रताड़ना से इनकार किया है। उनका कहना है कि बेटी लंबे समय से बीमार थी और उसे बुखार व लूज मोशन की शिकायत थी। उन्होंने इलाज के लिए दवाइयां देने की बात कही, लेकिन अस्पताल नहीं ले जाने की बात भी स्वीकार की।

मामले की जानकारी मिलने के बाद एसडीएम और सीओ ने अस्पताल पहुंचकर युवती और उसके पिता से बातचीत की। अधिकारियों ने घर जाकर भी स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन के अनुसार, युवती की बीमारी और इलाज में लापरवाही से उसकी हालत बिगड़ने की बात सामने आई है।

फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। युवती का इलाज जारी है और उसके स्वस्थ होने के बाद उसका बयान मामले की सच्चाई सामने लाने में अहम हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button