उत्तर प्रदेश

हर दिन निकल रहा 32 हजार टन कचरा, दिसंबर 2027 तक होंगे खत्म

NGT report of waste in UP उत्तर प्रदेश के डंपिंग ग्राउंड में वर्षों से जमा पुराने कचरे के पहाड़ अब तक पूरी तरह खत्म नहीं हो सके है। 2025 में एनजीटी को भेजी गई रिपोर्ट में दावा किया गया।

Lucknow Desk : उत्तर प्रदेश में ठोस कचरे का बढ़ता बोझ सरकार और स्थानीय निकायों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। प्रदेश में प्रतिदिन करीब 32,073 टन ठोस कचरा निकल रहा है। इसमें शहरी क्षेत्रों की हिस्सेदारी 20,114 टन और ग्रामीण इलाकों की 11,959 टन है। वहीं, वर्षों से डंपिंग ग्राउंड में जमा पुराने कचरे के पहाड़ों को खत्म करने की कवायद अभी पूरी नहीं हो सकी है।

प्रदेश में अब तक कुल 141.29 लाख टन पुराने कचरे में से 122.14 लाख टन का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जा चुका है। इसके बावजूद 19.15 लाख टन कचरा अभी निस्तारण का इंतजार कर रहा है। इसे दिसंबर 2027 तक पूरी तरह खत्म करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्ष 2025 में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) को भेजी गई रिपोर्ट में ये आंकड़े सामने आए हैं।

शहरी क्षेत्रों में क्षमता अधिक, गांवों में व्यवस्था पीछे
एनजीटी को भेजी गई रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के 762 शहरी निकायों में प्रतिदिन 20,114 टन कचरा पैदा हो रहा है। इसके निस्तारण के लिए मौजूदा प्रसंस्करण क्षमता 20,746 टन प्रतिदिन है। यानी शहरी क्षेत्रों में कचरा प्रसंस्करण की क्षमता उत्पादन से 632 टन अधिक है। इसके अलावा 10,592 टन प्रतिदिन क्षमता वाले नए प्लांट भी निर्माणाधीन बताए गए हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में तस्वीर कुछ अलग है। यहां प्रतिदिन 11,959 टन ठोस कचरा निकलता है, जबकि मौजूदा निस्तारण क्षमता महज 11,540.94 टन प्रतिदिन है। इस लिहाज से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजाना 418.06 टन कचरे के निस्तारण की क्षमता कम पड़ रही है। इस कमी को दूर करने के लिए मार्च 2027 तक अतिरिक्त प्रसंस्करण सुविधाएं विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

पुराने कचरे के पहाड़ खत्म करने के लिए बायो-माइनिंग का सहारा
पुराने कचरे की वास्तविक मात्रा का आकलन करने के लिए प्रदेश में थ्री-डी मैपिंग और कंटूर सर्वे कराया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, पहले कचरे के उत्पादन और निस्तारण क्षमता के बीच प्रतिदिन 5,233 टन का अंतर था। इस अंतर के चलते करीब दो लाख टन अतिरिक्त पुराना कचरा जमा हो गया था।

अब शेष 19.15 लाख टन पुराने कचरे के निस्तारण के लिए बायो-माइनिंग और बायो-रिमेडिएशन तकनीक अपनाने की योजना है। इसके तहत डंपिंग ग्राउंड में वर्षों से जमा कचरे को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर वैज्ञानिक तरीके से उसका निस्तारण किया जाएगा। दिसंबर 2027 की समयसीमा तक इस पुराने कचरे को खत्म करना बड़ी चुनौती होगी।

एक नजर में यूपी में कचरे की स्थिति
32,073 टन: प्रदेश में प्रतिदिन निकलने वाला कुल ठोस कचरा।
20,114 टन: शहरी क्षेत्रों से रोजाना निकलने वाला कचरा।
11,959 टन: ग्रामीण इलाकों में प्रतिदिन पैदा होने वाला कचरा।
141.29 लाख टन: प्रदेश में जमा कुल पुराना कचरा।
122.14 लाख टन: अब तक वैज्ञानिक तरीके से निस्तारित कचरा।
19.15 लाख टन: पुराने कचरे का शेष हिस्सा।
दिसंबर 2027: पुराने कचरे के पूर्ण निस्तारण का लक्ष्य।
मार्च 2027: ग्रामीण क्षेत्रों में अतिरिक्त निस्तारण सुविधाएं विकसित करने की समयसीमा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button