कुंडा में राजा भैया का फरमान! 17 नवंबर से धीरेंद्र शास्त्री सुनाएंगे ‘श्रीराम कथा’, शामिल होंगे पाकिस्तानी हिंदू
Raja Bhaiya directive Kunda Dhirendra Shastri to recite Shri Ram Katha 17 November

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुंडा में 17 से 20 नवंबर तक बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा आयोजित होगी। कथा के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयोजन में पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी परिवारों को भी आमंत्रित किया गया है। कथा के बाद इन परिवारों को बसों से प्रयागराज, काशी और अयोध्या के दर्शन कराने की योजना है। इसके लिए कुंडा के विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने 10 बसों की व्यवस्था की है।
राजा भैया के मुताबिक, इस पहल का मकसद पाकिस्तान में रहने वाले अल्पसंख्यक हिंदुओं की स्थिति और उनके संघर्षों को लोगों के सामने लाना है। वे चाहते हैं कि समाज इन परिवारों के अनुभवों और कठिनाइयों को जाने।
डीएम ने आयोजन स्थल का किया निरीक्षण
बेंती स्थित मैदान में होने वाली कथा की तैयारियों में प्रशासन भी जुटा है। प्रतापगढ़ के जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय ने हाल ही में आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आयोजक राजा भैया और कुंडा के एसडीएम अजय यादव के साथ व्यवस्थाओं पर चर्चा की और जरूरी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाएं
आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन का जोर सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं पर है। डीएम ने अधिकारियों से बैठने की व्यवस्था, आवागमन के रास्ते, आपातकालीन निकास, पेयजल, शौचालय और स्वास्थ्य सेवाओं का इंतजाम करने को कहा है।
वाहनों की पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई है। कथा के लिए विशाल वाटरप्रूफ जर्मन हैंगर पंडाल तैयार किया जा रहा है। 17 से 20 नवंबर तक चलने वाले इस आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
यह भी पढ़े : ‘धर्मं धनं च धान्यं…’, PM मोदी ने कर्नाटक दौरे से पहले X पर शेयर किया चाणक्य नीति का 14वां श्लोक



